रेलवे ने बजट में लखनऊ जंक्शन को आदर्श स्टेशन योजना के तहत 10 करोड़, गोमतीनगर स्टेशन के पुनर्विकास के लिए 8 और ऐशबाग को सेटेलाइट स्टेशन बनाने के लिए 3 करोड़ रुपये दिए हैं। ऐशबाग से पीलीभीत तक बड़ी लाइन पर ट्रेनों के जल्द संचालन के लिए सौ करोड़ की व्यवस्था की गई है। अभी ऐशबाग से सीतापुर तक ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जबकि आगे के रूट पर काम चल रहा है। रेलवे ने सेफ्टी सेक्योरिटी और स्पीड पर फोकस किया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बजट पेश करने के बाद रेलवे के लिए किए गए कामों के प्रावधानों की जानकारी देने के लिए पिंक बुक जारी की गई। बजट में सभी रूटों के विद्युतीकरण की अनुमति दी गई है। लखनऊ-कानपुर रूट पर लूप लाइन और बाराबंकी-मल्हौर तक तीसरी व चौथी लाइन के लिए राशि दी है। इसी तरह मुगलसराय से लखनऊ होकर मुरादाबाद-अंबाला-जालधंर होते हुए अमृतसर तक करीब 1150 किमी लंबी अतिरिक्त लूप लाइन बनाने के लिए सौ करोड़ की व्यवस्था की गई है।
रेलवे की पिंक बुक जारीः करोड़ों रुपये से होगा लखनऊ जंक्शन समेत इन स्टेशनों का विकास, इन पर किया फोकस
सीसीटीवी से संभालेंगे वीआईपी ट्रेनों की सुरक्षा
सुरक्षा के लिए राजधानी, शताब्दी व दूरंतो जैसी वीआईपी ट्रेनों की 4038 बोगियों में सीसीटीवी लगाए जाएंगे। चारबाग स्टेशन पर लोको पायलट व गार्ड के लिए दो बिस्तरों वाले 125 कमरों के एकीकृत रनिंग रूम के लिए 16.40 करोड़ रुपये और बी श्रेणी के तीन सौ स्टेशनों पर वाई-फाई के लिए 59 लाख रुपये दिए गए हैं।
मल्हौर क्रॉॅसिंग पर बनेगा आरओबी
पांच करोड़ रुपये मल्हौर स्टेशन पर क्रासिंग नंबर 185 पर दो लेन पर आरओबी, 2 करोड़ लखनऊ-जफराबाद के बीच फोर लेन आरओबी, 5.20 करोड़ लखनऊ-कानपुर के बीच आरओबी, 5 करोड़ लखनऊ-फैजाबाद केबीच आरओबी और एक करोड़ उतरेटिया-आलमनगर बाईपास पर गेट नंबर 5सी पर ओवरब्रिज बनेगा।
आलमनगर स्टेशन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं
आलमनगर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के लिए 50 लाख, चारबाग स्टेशन पर लोहे वाले पुल को बदलने के लिए 60 लाख, लखनऊ सुल्तानपुर-वाराणसी तक मेमू सेवा के लिए पांच करोड़ रुपये से प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जाएगा। वहीं, 10 लाख रुपये से चारबाग स्टेशन के पांच प्लेटफार्मों के वॉशेबुल एप्रेन बदले जाएंगे। इसमें एक नंबर प्लेटफॉर्म पर काम चल भी रहा है।
चारबाग में आउटर पर नहीं रोकी जाएंगी ट्रेनें
चारबाग स्टेशन पर ट्रेनों को आउटर पर रोकने से निजात के लिए चार लाइनें बनाने और यार्ड रिमॉडलिंग के लिए छह करोड़ रुपये मिले हैं। मानकनगर में अतिरिक्त लूप लाइन के लिए पांच करोड़, लखनऊ-कानपुर सेक्शन पर तीन स्टेशनों पर लूप लाइन केलिए 75 लाख और आलमनगर गुड शेड्स के विकास के लिए दो करोड़ रुपये मंजूद किए गए हैं।
बजट में आरडीएसओ को 90 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसमें 220 किमी प्रतिघंटे से चलने वाली हाईस्पीड ट्रेन की डिजाइन व टेस्टिंग पर 8.83 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एलएचबी बोगियों के लिए एयर ब्रेक लैब पर 3.21 करोड़ रुपये, 1.79 करोड़ रुपये फायर टेस्टिंग लैब में खर्च होंगे। 1.38 करोड़ डीजल लोको के लिए फॉग विजन सिस्टम पर, टेस्ट ट्रैक के लिए कंसल्टेंसी पर 5.53 करोड़ और आधुनिक ईंधन व ल्यूब लैब की स्थापना के लिए दिए गए हैं।
इरिटम होगा अपग्रेड
भारतीय रेलवे यातायात एवं प्रबंधन संस्थान (इरिटम) के विस्तार के तहत छात्रावासों के लिए बीस कमरे और चार अतिरिक्त कक्षाओं के लिए 5.5 लाख, प्रशिक्षुओं के लिए 60 कमरों का हॉस्टल बनाने के लिए 6 लाख व प्रशिक्षण सुविधाओं के अपग्रेडेशन के लिए 1.25 करोड़ रुपये मिले हैं।