मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ ने अपनी खनकती सुरीली आवाज में शहरवासियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लड़की ब्यूटीफुल... समेत एक से बढ़कर एक दिलकश नग्में सुनाकर नेहा ने दर्शकों का दिल जीत लिया और जमकर तालियां बटोरीं।
चारबाग रेलवे स्टेडियम में आयोजित लाइव कॉन्सर्ट में शनिवार को नेहा ने अपनी गायकी के जलवे बिखेरे। यह शहर में उनका पहला लाइव कॉन्सर्ट था। उन्होंने लंदन ठुमकदा..., दिलबर दिलबर..., हाई रेटेड गबरू... जैसे गाने सुनाकर दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया। नेहा कक्कड़ जैसे ही मंच पर पहुंचीं तो दर्शकों ने लखनवी अंदाज में उनका जोरदार स्वागत किया।
नेहा ने भी दर्शकों का इस्तकबाल स्वीकारते हुए धीरे धीरे राजा...सुनाकर उन्हें अपने रंग से सराबोर कर दिया। इसी क्रम में नेहा कक्कड़ ने ऊंची है तेरी बिल्डिंग..., मैं तेरा बॉयफ्रेंड..., लड़की ब्यूटीफुल... सुनाकर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने की अपील भी की।
उन्होंने जब टन टना टन.. व काला चश्मा... सुनाया, तो दर्शक अपनी जगह पर खड़े होकर डांस करने लगे। नेहा ने दर्शकों की डिमांड पर सिम्बा मूवी का लेटेस्ट रिलीज गाना आंख मारे... और सुपरहिट सॉन्ग मिले हो तुम हमको...सुनाकर माहौल को एक अलग रंग में रंग दिया।
हालांकि लाइव कॉन्सर्ट में भीड़ को काबू करने में पुलिस फेल हो गई। बेकाबू भीड़ में भगदड़ मच गई, इससे लोगों के जूते-चप्पल तक छूट गए। छेड़छाड़ भी हुई। भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और पर्दे फाड़ डाले। इतना ही नहीं आसपास के इलाके में लंबा जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों लोग फंसे रहे।