‘नमस्ते... कैसे हैं आप। आपके क्षेत्र में सब कुशल-मंगल है न। कोई परेशानी हो तो बेझिझक बताइयेगा। हमें आपकी सेवा करके अच्छा लगेगा...।’ आज से सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान पार्क में कुछ इसी अंदाज में पुलिस आम जनता से रूबरू होगी। पुलिस का यह रूप ‘नमस्ते लखनऊ’ योजना में नजर आएगा। रविवार शाम पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने वीमेन पावर लाइन 1090 चौराहा से योजना की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि योजना का मकसद जनता और पुलिस के बीच सुरक्षा का अहसास और कानून के प्रति विश्वास पैदा करना है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि उन्होंने विदेशों में पुलिस का यह अंदाज देखा है। इसी तर्ज पर लखनऊ पुलिस को भी जनता से जोड़ने के लिए ‘नमस्ते लखनऊ’ योजना शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत सुबह साढ़े पांच से सात बजे तक पार्क में टहलने वाले लोगों और वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क कर पुलिसकर्मी उनके नाम-पते व मोबाइल नंबर के साथ समस्याओं को एक रजिस्टर में दर्ज करेंगे। शाम को भी इसी समय पुलिस पार्कों में मौजूद रहेगी।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में दस पार्क में योजना लागू की जाएगी। बाद में इसे अन्य पार्कों में भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘नमस्ते लखनऊ’ पुलिस की टीम मौके पर समस्याओं के निस्तारण का प्रयास करेगी। अगर ऐसा संभव नहीं होता है संबंधित थाना की पुलिस को इस बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान पार्क में घूमने-टहलने वालों से पुलिस महकमे में सुधार संबंधी सुझाव भी लिए जाएंगे। पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिसकर्मियों को दो दिन का प्रशिक्षण दिया गया है। इस योजना के लिए दो शिफ्ट में 0-10 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।
एक वाहन में एक दरोगा, दो महिला व दो पुरुष सिपाही तैनात रहेंगे। इससे पहले एनबीआरआई पार्क में डीसीपी मध्य दिनेश सिंह, एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसीपी अभय कुमार मिश्र ने लोगों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की।