वसीम रिजवी की याचिका पर ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने सख्त नाराजगी जाहिर की है। बोर्ड ने मुस्लिम समाज से शांति व धैर्य बनाए रखने की अपील की है। बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि सुप्रीम कोर्ट में मुसलमानों का पक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
वसीम रिजवी की कुरान की आयतें संबंधी याचिका से मुस्लिम धर्मगुरू भड़के, पर्सनल लॉ बोर्ड की शांति बनाए रखने की अपील
इस पर शिया धर्मगुरू मौलाना कल्बे जवाद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वसीम का इस्लाम एवं शिया समुदाय से कोई लेना-देना नहीं है। वह चरमपंथी व मुस्लिम विरोधी संगठनों के एजेंट हैं। इस तरह के कदम से वह देश में अराजकता फैला रहे हैं। सरकार उन्हें गिरफ्तार करे। वसीम ने मुस्लिम विरोधी ताकतों को खुश करने के लिए ऐसा कदम उठाया है, ताकि वक्फ बोर्ड की सीबीआई जांच में जेल जाने से बच सकें।
कुरान में नहीं हो सकता कोई बदलाव : मौलाना सैफ
मरकजी शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास ने कहा कि पूरी दुनिया के मुसलमानों का कुरान पर पूरा एतबार है। कुरान में सिर्फ अच्छाइयां बताई गई हैं। वसीम का ये कदम गलत और निंदनीय है। यह मदरसों और कुरान को बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि किसी पार्टी में शामिल होना गलत नहीं है, लेकिन पार्टी के लिए धर्म को बेच देना गलत है। मौलाना ने कहा कि कुरान में 26 आयतें हटाना तो दूर, एक शब्द भी ऊपर नीचे नहीं किया जा सकता है।
देश की छवि हो रही खराब : फरंगी महली
इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि पूरी दुनिया के मुसलमान जानते है कि कुरान अल्लाह की सबसे मुकद्दस किताब है। इसमें किसी इंसान का कलाम नहीं, अल्लाह का अपना कलाम है। कुरान से एक शब्द भी बदलने की ताकत किसी में नहीं है जिसने भी इसमें बदलाव की याचिका दाखिल की है उसने देश ही नही दुनिया भर के मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाया है।
मौलाना ने कहा कि इससे देश की छवि दुनिया में खराब हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट यह याचिका कर ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त रुख अपनाएगा। उन्होंने इसे देश में अराजकता फैलाने की साजिश बताकर सरकार से ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कुरान में नहीं हो सकता कोई बदलाव : मौलाना यासूब
ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता मौलाना यासूब अब्बास ने कहा कि कुरान अल्लाह की किताब है। कुरान से एक शब्द भी नहीं निकाला जा सकता। उन्होंने कहा कि यह कुरान पाक को बदनाम करने की साजिश है। कुरान में कहा गया है कि तुम्हारा दीन तुम्हारे साथ, हमारा हमारे साथ। यासूब ने कहा कि इस्लाम को बदनाम किया जा रहा है। कुरान अमन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि कुरान से 26 आयतें हटाने की मांग बेहद निंदनीय है।