बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह व केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा, भाजपा में छंटे-छंटाए गुंडे, माफिया और बदमाश भरे पड़े हैं। भाजपा अध्यक्ष का इतिहास भी सबको पता है। मायावती सोमवार को यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों के जवाब दे रही थीं।
बसपा अध्यक्ष से सवाल हुआ कि अमित शाह ने अपनी परिवर्तन यात्रा के दौरान कहा है कि विरोधी दलों में गुंडे भरे पड़े हैं, भाजपा में कोई गुंडा नहीं है। मायावती ने कहा कि भाजपा में नामी-गिरामी गुंडे भरे पड़े हैं। भाजपा में गुंडों की शुरुआत गुजरात से ही होती है। इनके नाम पूरा देश जानता है।
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह द्वारा बसपा राज में किसानों के लिए कुछ न किए जाने के आरोप पर मायावती ने कहा कि भाजपा नेताओं को किसानों से जाकर पूछना चाहिए, वही सही जवाब दे देंगे। मोदी सरकार ने ही किसान विरोधी भूमि अधिग्रहण बिल लाने का प्रयास किया था। किसानों ने विरोध किया तो पैर वापस खींचने पड़े। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गन्ना किसानों का बकाया भुगतान कराने के दावे को झूठा करार दिया।
बसपा को किसी के सहारे की जरूरत नहीं
मायावती ने फिर दुहराया कि सपा यदि गठबंधन करती है तो साफ हो जाएगा कि उसने चुनाव से पहले ही हार मान ली है। उन्होंने बसपा से किसी भी दल से गठबंधन से इन्कार करते हुए कहा कि बसपा अकेले अपने बलबूते स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाएगी।
गरीबों को मारुति कार नहीं, कालेधन का पैसा चाहिए
मायावती ने अमित शाह के उस बयान पर तंज कसा जिसमें उन्होंने कहा था कि बुंदेलखंड में यदि अवैध खनन बंद हो जाए तो हर घर में मारुति कार आ जाएगी। बुंदेलखंड व पूर्वांचल के गरीब लोगों को मारुति कार नहीं, स्थानीय स्तर पर रोजगार, पानी-बिजली व स्वास्थ्य सेवाएं चाहिए।