मई का पहला हफ्ता पूरा होने के साथ ही पारे के तेवरों ने तपाना शुरू कर दिया है। खुशनुमा रविवार की उम्मीद लगाये बैठे लखनऊवासियों के लिये पूरा दिन तपन में बीता। उमस संग दोपहर में तपन के तेवर कुछ ऐसे रहे पंखों कूलर ने राहत नहीं ही दी।
दोपहर की तपन में सड़कों पर दिखे शहरियों को गर्म हवा के झोंको ने मई में सीजन का पहली लू सा अहसास दिलाया। पुरवईया के झोंको से मिल रही आर्द्रता के लोगों को उमस और बेचैनी भी महसूस हुई। शाम को उमस का आलम ये रहा कि लोगों को एक बारगी लगा कि आंधी-अंधड़ मौसमी उठापटक भी दसतक दे सकती है।
दिन का अधिकतम तापमान भी पिछले 48 घंटों में 3.3 डिग्री बढ़कर 40 डिग्री के करीब तक जा पहुंचा। ये सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 39.7 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम पारा सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 26 डिग्री दर्ज किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्त ने बताया कि आसमान साफ होने से धूप तीखी हुई, नतीजा पारा चढ़ा।
सोमवार को राजधानी में मौसम के यही तवर रह सकते हें। लोकल डिस्टर्बेंस सक्रिय होने पर मौसमी गतिविधियां बदल सकती हैं। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान-जम्मू कश्मीर के पास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसका असर आने वाले दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में मौसमी गतिविधियों पर पड़ेगा। जिसके चलते मंगलवार-बुधवार के मौसमी बदलाव के आसार हैं।