लखनऊ में रात तीन बजे डकैती डालने पहुंचे बदमाशों को देखकर महिलाएं कांपने लगीं। ऐसे में बदमाशों ने उन्हें हिम्मत बंधाई। देखें पूरा मामला...
लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में सोमवार आधी रात विरामखंड-5 निवासी निजी केमिकल कंपनी में कंसल्टेंट एसएमए रिज़वी के घर पर धावा बोल दिया। बदमाश ड्राइंगरूम की खिड़की की ग्रिल के पेंच खोलकर भीतर घुसे थे और करीब ढाई लाख रुपये के जेवर-नकदी ले गए हैं।
इस दौरान डकैतों ने जरा भी खून-खराबा नहीं किया। कमरे में घुसते ही महिलाएं घबरा गईं तो डकैत बोले-घबराओ मत। हम मारेंगे नहीं। सामान कहां रखा है, बस वो जगह दिखा दो। डकैतों ने महिलाओं पर तमंचा तानते हुए शोर न मचाने की चेतावनी दी।
इसके बाद चादर फाड़कर उनके हाथ बांध दिए। डकैतों के भागने के बाद किसी तरह बंधन खोलकर ऊपर पति के पास पहुंची ज़ेबा ने कहा लुट गए, बर्बाद हो गए। डाकू सब ले गए। पत्नी के मुंह से यह सुनते ही रिज़वी ने सबसे पहले उनका व मां का हालचाल पूछा।
दोनों को ठीक देखकर रिज़वी ने खुदा का शुक्रिया अता करते हुए कहा कि सोने-चांदी के जेवर और रुपये जाने का गम नहीं है। परिवार के लोगों की जान बच गई, यही बहुत है।