लखनऊ में जन्में और ला-मार्टीनियर में शिक्षा ग्रहण करने वाले अभिनेता अली फजल ने हालांकि फिल्मों में कई तरह की भूमिकाएं की हैं लेकिन लखनऊ में फिल्माई जा रही मूवी ‘मिलन टॉकीज’ की भूमिका उनके दिल के अधिक करीब है।
अली इसमें लखनऊ के ही एक लड़के की भूमिका में हैं। फिल्म में उनकी भूमिका उनके वास्तविक जीवन के करीब भी है। प्रसिद्ध फिल्मकार तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का लखनऊ में होने वाला फिल्मांकन शनिवार को पूरा कर लिया गया। अब फिल्म की शूटिंग एक अप्रैल से मथुरा में शुरू हो रही है।
अली ने बातचीत में कहा कि फिल्म में मेरी भूमिका लखनऊ के ही एक युवक की है जो मिलन टॉकीज में एक लड़की से मिलता है और फिर यहीं से दोनों की प्रेम कहानी शुरू होती है।
‘थ्री इडियट्स’, ‘ऑलवेज कभी कभी’, ‘फुकरे’, ‘बात बन गई’, ‘बॉबी जासूस’, ‘हैप्पी भाग जाएगी’, ‘फुकरे रिटर्न्स’ जैसी फिल्मों के साथ ही ‘फ्यूरिअस सात’ और ‘विक्टोरिया एंड अब्दुल’ जैसी विदेशी फिल्मों में भी काम कर चुके फजल ने बताया कि फिल्म के लिए तीन साल पहले से बातचीत चल रही थी।
लखनऊ से अपने गहरे रिश्ते को बयां करते हुए अली फजल ने कहा कि अगर लखनऊ की यातायात व्यवस्था सुधर जाए तो यह नंबर एक शहर हो सकता है। रंगमंच से भी जुड़े रहे फजल ने कहा कि यहां बड़ी संख्या में मॉल, मल्टीप्लेक्स और ऊंची-ऊंची इमारतें बनी हैं। इससे सड़कों पर ट्रैफिक बढ़ गया है।