सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इतनी झूठी सरकार पहले कभी नहीं आई। सीएम अपने कामों ही नहीं, भाषा से भी सभी वर्गों का अपमान कर रहे हैं। जनता सब देख, सुन रही है। वही इन्हें सजा देगी। वर्ष 2022 में भाजपा का सफाया तय है।
राम मंदिर के लिए अपर्णा यादव के 11 लाख रुपये चंदा देने पर अखिलेश यादव बोले- ...आपदा में अवसर ढूंढा
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार से लोग निराश है। इस सरकार में लोगों को जितने अपमान का सामना करना पड़ा, उतना पहले कभी नहीं हुआ। चार साल में सरकार के पास बताने के लिए अपना कोई काम नहीं है। मुख्यमंत्री यूपी के नहीं है, लेकिन यहां के लोगों ने उन्हें स्वीकार किया। बदले में उन्हें क्या मिला? उन्हें विकास की बात करनी चाहिए। विकास से ही प्रदेश का भला होगा। विधान परिषद में सभापति के विवाद पर कहा कि भाजपा को संविधान पर भरोसा रखना चाहिए। बहुमत का सम्मान करना चाहिए।
अपर्णा के चंदे पर कहा, आपदा में भी अवसर ढूंढती है भाजपा
परिवार की एकता और सपा से गठबंधन की संभावना संबंधी शिवपाल यादव के बयान पर अखिलेश यादव ने कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। वहीं, राम मंदिर के लिए अपर्णा यादव द्वारा 11 लाख चंदा दिए जाने पर उन्होंने कहा, हिंदू ही नहीं हर धर्म में परंपरा है कि दर्शन करने के बाद कुछ चढ़ाते हैं। हम भी दक्षिणा देंगे। क्या भाजपा स्वीकार करेगी। उन्होंने कहा, भाजपा ने आपदा में भी अवसर ढूंढ लिया है।
सपा अध्यक्ष ने कहा, मुख्यमंत्री की पुरानी भाषा सभी जानते हैं। सदन के भीतर उनकी जो भाषा है, बाहर जो बोलते हैं, वह किसी मुख्यमंत्री की भाषा नहीं हो सकती। वे दूसरों के डीएनए को विभाजन वाला बताते हैं लेकिन उन्हें डीएनए की फुल फॉर्म मालूम नहीं होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के कई तीखे बयानों का उल्लेख करते हुए उन पर पलटवार किया।
सपा सरकार में लगी सर्वाधिक चीनी मिल, हमेशा रेट बढ़ा
सपा अध्यक्ष ने कहा, मुख्यमंत्री सदन में भी झूठ बोलते हैं। वह जनता को धोखा दे रहे हैं। इससे बड़ा झूठ कोई और नहीं हो सकता कि धान के किसानों को एमएसपी मिल गया है, भाजपा राज से पहले बिजली नहीं आती थी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में सुपर सिक्स्टी क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट लगे, ट्रांसमिशन लाइनें बनीं, सब स्टेशन बने। सपा सरकार में सर्वाधिक नई चीनी मिलें लगीं। गन्ने की कीमत सपा सरकारों में हमेशा बढ़ी। सपा सरकार ने बलात्कारी का मुकदमा वापस नहीं लिया था। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों से बड़े घरानों को लाभ मिलेगा। महंगाई की मार से गरीब बचाए क्या और खाए क्या?