गोमतीनगर के जैनिस अस्पताल में मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। सांस लेने में दिक्कत की समस्या के बाद महिला को जैनिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिवारीजनों का आरोप था कि डॉक्टरों ने इलाज के नाम एक लाख रुपए की रकम वसूल ली। दोबारा पैसा मांगा तो परिवारीजनों ने पैसा देने में असमर्थता जताई। इस बात से नाराज आईसीयू में तैनात डॉक्टर ने मरीज की ऑक्सीजन निकाल दी। ऑक्सीजन निकलते ही मरीज की सांस फूलने लगी। अभी कोई कुछ समझ पाता उससे पहले ही मरीज की मौत हो गई। (रोते-बिलखते मरीज के परिवारीजन।)
महिला मरीज की मौत के बाद नाराज परिवारीजनों ने जमकर हंगामा किया। अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ होते देख सभी डॉक्टर, स्टाफ और अन्य कर्मचारी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने की कोशिश की लेकिन इसके बाद भी देर रात तक हंगामा चलता रहा। (अस्पताल में हुई तोड़फोड़।)
इस्माइलगंज के अनुज तिवारी की मां पुष्पा तिवारी (48) को सांस लेने में दिक्कत होने पर शुक्रवार सुबह में गोमतीनगर नगर नीलकंठ चौराहे के पास स्थित 50 बेड के जैनिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। (मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी।)
बेटे अनुज तिवारी ने बताया कि सुबह अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताकर आईसीयू में भर्ती कर दिया। सुबह से शाम पांच बजे तक एक लाख से अधिक की रकम वसूल ली। करीब नौ बजे आईसीयू में तैनात डॉ. अंकुर ने और पैसा जमा करने के लिए कहा। (मृत महिला के पास खड़ा उसका बेटा।)