आज देश स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने के अवसर पर 'आजादी का अमृत महोत्सव' मना रहा है। 75 साल में देश ने स्वास्थ्य, शिक्षा के साथ आर्थिक-सामाजिक तौर पर कई मुकाम हासिल किए। आजादी के अमृत महोत्सव पर मौका है सेहतमंद समाज को बनाने के प्रण का, ताकि देश का हर नागरिक स्वस्थ और खुशहाल रह सके। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इस पहल की शुरुआत हमारे प्रयास के साथ होती है। देश के हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य को बेहतर रखने की दिशा में प्रयास करने की आवश्यकता है और आपकी यह कोशिश स्वस्थ समाज के निर्माण में सहायक हो सकती है।
Yoga Tips: स्वस्थ समाज में योगदान का लीजिए प्रण, शरीर और मन को सेहतमंद रखने के लिए कीजिए ये योगासन
प्राणायाम सभी के लिए जरूरी
प्राणायाम का अभ्यास बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए कारगर योगाभ्यास हो सकता है। साल 2013 के एक अध्ययन में पाया गया कि प्राणायाम, वयस्कों में तनाव के स्तर को कम करने में काफी सहायक है। यह नींद की गुणवत्ता में भी सुधार करता है, ऐसे में इसे मानसिक स्वास्थ्य के लिए कारगर माना जा सकता है। इसके अलावा उच्च रक्तचाप को कम करने और फेफड़ों के कार्य में सुधार करने के लिए इस योग के अभ्यास से लाभ पाया जा सकता है। प्राणायाम को विशेषज्ञ संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए काफी कारगर अभ्यास के तौर पर देखते हैं।
वज्रासन योग के अभ्यास से लाभ
वज्रासन योग सभी उम्र के लोगों के लिए काफी लाभकारी हो सकता है। प्रतिरक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने के साथ कई प्रकार के रोगों से आपको सुरक्षित रखने में इस योग के अभ्यास की आदत फायदेमंद हो सकती है। योग विशेषज्ञ बताते हैं, वज्रासन पाचन तंत्र को लाभ पहुंचाने के साथ शरीर के महत्वपूर्ण अंगों में रक्त के प्रवाह को बढ़ाने और हृदय-लिवर के कार्यों में सुधार करने में आपके लिए काफी सहायक हो सकता है। यह मन को शांत और स्थिर भी रखता है, यदि इसका नियमित रूप से अभ्यास किया जाए मानसिक स्वास्थ्य में विशेष लाभ पाया जा सकता है।
नौकासन योग का अभ्यास
नौकासन योग को मौजूदा समय में लोगों के लिए गंभीर समस्याओं का कारण बनने वाली कई तरह की बीमारियों को कम करने में काफी कारगर पाया गया है। यह योग पेट की दीवारों को मजबूत करने के साथ लिवर, अग्न्याशय और आंत सहित सभी आवश्यक अंगों के स्वास्थ्य में सुधार करता है। रक्त प्रवाह को शुद्ध करने और शरीर से विषाक्तता को कम करने में भी इसके लाभ देखे गए हैं। एक अच्छा पाचन तंत्र, प्रतिरक्षा को लाभ पहुंचाता है, यह योग पाचन स्वास्थ्य में काफी सुधार करने वाला माना जाता है।
------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।