सर्दियों की शुरुआत होते ही दिल्ली-एनसीआर सहित कई अन्य राज्यों में वायु प्रदूषण और स्मॉग का खतरा बढ़ जाता है। वायु प्रदूषण को अध्ययनों में सेहत के लिए कई प्रकार से नुकसानदायक बताया गया है। विशेष तौर पर प्रदूषित हवा में मौजूद पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सूक्ष्मकण सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर गंभीर खतरा बढ़ाने वाले हो सकते है। यही कारण है कि सभी लोगों को प्रदूषण से बचाव के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की सलाह दी जाती है।
सेहत की बात: प्रदूषण के दिनों में एन95 मास्क क्यों माना जाता है कारगर? जानिए ये सामान्य मास्क से कितना अलग
N95 Mask: एन95 मास्क हवा में मौजूद छोटे कणों को फिल्टर करने की क्षमता के कारण प्रदूषण के दौरान उपयोगी माना जाता है। यह कम से कम 95 प्रतिशत कणों को रोकता है। हालांकि, इसका पूरा फायदा तभी मिलता है जब मास्क चेहरे पर सही तरीके से फिट हो।
एन95 मास्क को माना जाता है ज्यादा फायदेमंद
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, एन95 मास्क हवा में मौजूद बेहद छोटे कणों को फिल्टर करने वाला माना जाता है। यह सामान्य कपड़े या सर्जिकल मास्क की तुलना में ज्यादा प्रभावी सुरक्षा दे सकता है। हालांकि, इसका फायदा तभी मिलता है जब मास्क सही तरीके से पहना जाए और चेहरे पर अच्छी तरह फिट हो।
आइए समझते हैं कि एन95 मास्क की खासियत क्या है और यह सेहत के लिए क्यों उपयोगी है?
95 प्रतिशत तक कणों को फिल्टर करने में मददगार
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि एन95 मास्क निर्धारित परीक्षण परिस्थितियों में हवा में मौजूद 0.3 माइक्रोन आकार के कणों का कम से कम 95 प्रतिशत फिल्टर कर सकता है। धूल-धुआं और कई तरह के एयरोसोल कणों को ये आसानी से फिल्टर करके शरीर में पहुंचने से रोक सकता है। ऐसे में प्रदूषण वाले दिनों में एन95 मास्क आपके लिए ज्यादा अच्छा विकल्प हो सकता है।
- प्रदूषित हवा में मौजूद पीएम2.5 जैसे बारीक कण फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं।
- पीएम2.5 कुछ परिस्थितियों में फेफड़ो से होते हुए हृदय, किडनी और ब्रेन तक पहुंच सकता है।
- अच्छी फिटिंग वाला एन95 मास्क इन कणों के सांस के साथ अंदर जाने की मात्रा कम कर देता है।
सामान्य मास्क से बेहतर सुरक्षा
कपड़े और सामान्य सर्जिकल मास्क की फिल्टर क्षमता और चेहरे पर फिटिंग अलग-अलग हो सकती है। एन95 को इस तरह बनाया जाता है कि यह चेहरे पर सील बनाकर हवा के अनफिल्टर्ड रास्तों को कम करे। अगर मास्क के किनारों से हवा अंदर जा रही है तो इसकी सुरक्षा कम हो सकती है। नाक की क्लिप दबाकर और चेहरे के आकार के अनुसार मास्क लगाना जरूरी है।
ऐसे में सामान्य मास्क की तुलना में एन95 मास्क सेहत के लिए कई मामलों में बेहद लाभकारी हो सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
