पाचन का स्वस्थ रहना संपूर्ण शरीर को फिट रखने के लिए आवश्यक माना जाता है। शरीर को काम करने लिए पर्याप्त ऊर्जा प्रदान करने के साथ भोजन से पोषक तत्वों के अवशोषण को बढ़ाने के लिए पाचन अंगों का ठीक से काम करते रहना जरूरी है। लिवर-किडनी जैसे अंग शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में भी मददगार होते हैं। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को पाचन अंगों को स्वस्थ रखने के लिए प्रयास करते रहने की सलाह देते हैं।
Yoga Tips: पाचन अंगों के लिए सबसे कारगर हैं ये योगासन, सभी लोगों को जरूर करना चाहिए अभ्यास
पाचन के लिए योगासनों के लाभ
योग के अभ्यास की आदत बनाना पाचन अंगों की कार्यक्षमता बढ़ाने और इससे संबंधित समस्याओं के जोखिम को कम करने में लाभकारी है।
- योग से पाचन अग्नि उत्तेजित होती है। इससे भूख बढ़ती है और मेटाबॉलिज्म संतुलित रहता है।
- योगासन पेट की मांसपेशियों की मालिश करते हुए शरीर को स्ट्रेच करते हैं।
- योग मल त्याग को आसान बनाता है और कब्ज से राहत मिलती है।
- पाचन अंगों में रक्त का संचार बढ़ जाता है, जिससे पाचन में सहायता मिलती है।
- योग का नियमित अभ्यास वसा के जमाव को भी कम करता है।
नौकासन योग से मिलता है लाभ
नौकासन योग के नियमित अभ्यास की आदत बनाने से पेट की मांसपेशियों को मजबूती मिलती है। यह पाचन अंगों विशेषकर आंतों के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। यह पाचक रसों के स्राव में सुधार करके पाचन को उत्तेजित करता है। नौकासन योग के अभ्यास की आदत बनाने से कब्ज की समस्या दूर होती है।
पश्चिमोत्तानासन योग का करें अभ्यास
पश्चिमोत्तानासन को पेट की समस्याओं को दूर करने वाले प्रभावी योगासन के रूप में जाना जाता है। यह पेट के अंगों की मालिश करने के साथपेट की चर्बी को कम करने में लाभकारी है। कब्ज दूर करने और पेट फूलने से राहत पाने के लिए भी इस योग का नियमित अभ्यास करें। पाचन स्वास्थ्य को बेहतर बनाने से शरीर को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। सभी लोग दिनचर्या में योगासनों को जरूर शामिल करें।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।