योग का नियमित अभ्यास संपूर्ण स्वास्थ्य (मानसिक और शारीरिक) में सुधार करने में काफी लाभकारी माना जाता रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को नियमित रूप से दिनचर्या में योगासनों को शामिल करने की सलाह देते हैं। मस्तिष्क से लेकर तंत्रिकाओं और पाचन से लेकर श्वसन स्वास्थ्य, सभी में योगासनों की आदत लाभकारी मानी जाती रही है।
Year Ender 2023: शरीर को निरोगी रखने के लिए इस साल लोगों ने इन योगाभ्यासों की ली मदद, मिला लाभ
वृक्षासन योग से मिला लाभ
योग विशेषज्ञ कहते हैं, वृक्षासन योग कई प्रकार से लाभकारी है। शरीर में रक्त के संचार को ठीक बनाए रखने से लेकर चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं को दूर करने कूल्हों-पैरों की हड्डियों-मांसपेशियों को मजबूती देने और आत्मविश्वास बढ़ाने में इस योग के लाभ हैं। इस साल ये योगासन काफी चर्चा में रहा।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इस योग को करने के लिए आपको विशेष शारीरिक संतुलन की आवश्यकता होती है। वृक्षासन खड़े होकर किया जाने वाला अभ्यास है जिसमें शरीर की मुद्रा 'वृक्ष' की तरह करनी होती है। नए साल में भी इस योग को दिनचर्या का हिस्सा जरूर बनाएं।
भुजंगासन योग रहा ट्रेंडिंग
भुजंगासन या कोबरा पोज कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ के लिए जाना जाता रहा है। बैक स्ट्रेचिंग का ये योगाभ्यास कमर और रीढ़ से संबंधित समस्याओं के जोखिम को कम करने, मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा देकर पाचन और वजन को ठीक रखने, फैट बर्न करने में मदद करता है। जिन लोगों को कमर में दर्द रहती है, पेट की चर्बी अधिक है उनके लिए ये कारगर योग माना जाता रहा है। इससे सभी उम्र के लोगों को लाभ मिलता है, इसका नियमित अभ्यास जरूर किया जाना चाहिए।
त्रिकोणासन के अभ्यास से लाभ
वजन बढ़ना मौजूदा समय की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। अधिक वजन को कई प्रकार की गंभीर बीमारियों का कारक भी माना जाता रहा है। वजन कम करने के लिए डाइटिंग के साथ योग-व्यायाम को काफी लाभप्रद माना जाता रहा है। त्रिकोणासन वजन घटाने के लिए सबसे अच्छे योगासन में से एक है। इस साल ये योगासन भी काफी ट्रेंडिंग रहा।
ये अभ्यास कंधों और कूल्हों की मांसपेशियों की स्ट्रेचिंग करने के साथ शरीर से अतिरिक्त तनाव को कम करता है। इससे शरीर के ऊपरी और निचले दोनों हिस्से की स्ट्रेचिंग हो जाती है, शरीर से अतिरिक्त फैट के जमाव को कम करने का ये कारगर तरीका हो सकता है।
प्राणायाम स्वस्थ जीवन का आधार
प्राणायाम को संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए कारगर योगासनों में से एक माना जाता है। मन को शांत करने और तंत्रिकाओं को आराम देने के साथ स्ट्रेस-एंग्जाइटी से बचाने, अवसाद के खतरे को कम करने, ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में भी इस आसन के लाभ हैं।
इस साल प्राणायाम के विभिन्न अभ्यास को दिनचर्या में शामिल करके लोगों ने कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किए। प्राणायाम में सांस पर ध्यान केंद्रित करना होता है जिससे एकाग्रता बढ़ती है और तंत्रिकाओं को आराम मिलता है। मौजूदा समय की दौड़ती भागती दुनिया में प्राणायाम को जीवन का हिस्सा बनाना काफी लाभप्रद माना जाता है।
------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।