हमारे शरीर में लिवर की बड़ी विशेष भूमिका होती है। भोजन के पाचन से लेकर उससे पोषक तत्वों के अवशोषण और रक्त को साफ करते हुए उसमें रसायनों के संतुलन को बनाए रखने जैसा महत्वपूर्ण कार्य लिवर का ही होता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को रोजाना लिवर को स्वस्थ रखने वाले उपाय करते रहने की सलाह देते हैं, क्योकि इस अंग में होने वाली छोटी से भी समस्या का असर पूरे शरीर की सेहत को प्रभावित कर सकता है। पौष्टिक आहार के साथ-साथ लिवर को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से योग-व्यायाम की आदत बनाना भी आवश्यक माना जाता है।
आज का योग: विश्व लिवर दिवस पर लिवर को स्वस्थ रखने का लें प्रण, ये योगासन होंगे मददगार
नौकासन का अभ्यास करें
लिवर की सेहत को बेहतर बनाए रखने के लिए जिन योगासनों के नियमित अभ्यास पर जोर दिया जाता है, नौकासन उनमें से एक है। नौकासन का अभ्यास, पेट की मांसपेशियों और अंगों को मजबूती देने के साथ उन्हें स्वस्थ बनाए रखने में सहायक है। नौकासन करने से पेट की चर्बी का जोखिम भी कम होता है, जिसे लिवर की कई बीमारियों का प्रमुख कारण माना जाता है। शोध से पता चलता है कि यह योग पाचन, पोषक तत्वों के अवशोषण और शरीर के कई अंगों को स्वस्थ बनाए रखने में भी मदद करता है।
हलासन योग का अभ्यास
लिवर को स्वस्थ रखने और इसे डिटॉक्सीफाई करने के लिए हलासन योग के अभ्यास की आदत आपके लिए मददगार हो सकती है। हलासन योग रीढ़ की स्ट्रेचिंग के साथ, रक्त परिसंचरण को बढ़ावा देने, रक्तचाप में सुधार करने और ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल करने में मदद करता है। हलासन योग लिवर के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में काफी मददगार हो सकता है।
पश्चिमोत्तानासन योग है लाभकारी
दैनिक रूप से पश्चिमोत्तानासन योग के अभ्यास की आदत लिवर के साथ किडनी, अंडाशय को भी स्वस्थ रखने में सहायक है। यह आसन शरीर के मध्य भाग की स्ट्रेचिंग में काफी कारगर मानी जाती है। जिन लोगों को लिवर की समस्याएं होती हैं, उन्हें डॉक्टर की सलाह पर पश्चिमोत्तानासन योग करने से लक्षणों को कम करने में मदद मिल सकती है। विशेषज्ञ बताते हैं कि पश्चिमोत्तानासन योग रक्त प्रवाह को बढ़ाने में भी आपके लिए विशेष मददगार हो सकती है।
वज्रासन योग की डालें आदत
वज्रासन योग के नियमित अभ्यास की आदत शरीर को कई प्रकार से लाभ दे सकती है। वज्रासन, पाचन को ठीक रखने के साथ शरीर में रक्त परिसंचरण को बढ़ावा देता है। यह एसिडिटी और कब्ज की समस्या को कम करने के साथ लिवर के स्वास्थ्य में सुधार करने में भी सहायक है। शोध से पता चलता है कि वज्रासन का अभ्यास फैटी लिवर डिजीज जैसी कई गंभीर लिवर की बीमारियों के जोखिम को भी कम करने में मददगार हो सकता है।
------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।