Cold And Cough Relief Yoga Asanas : मौसम सर्द होने लगा है। इस मौसम में ठंडी हवाएं कई तरह की बीमारियों की वजह बनती हैं। अक्सर लोगों को सर्दी के मौसम में सर्दी जुकाम की शिकायत होने लगती है। हालांकि सर्दी जुकाम की समस्या कुछ दिनों में ठीक हो जाती है लेकिन कई बार सर्दी-जुकाम और खांसी लोगों को कई दिनों तक परेशान करता है।
Yoga Tips: सर्दी-जुकाम होने पर करें इन चार योगासन का अभ्यास, मिलेगी समस्या से राहत
बाम भस्त्रिका
इस योग के अभ्यास से सर्दी, जुकाम से काफी राहत मिलती है। बाम भस्त्रिका के अभ्यास के लिए दाएं हाथ के अंगूठे से दाईं नासिका को बंद करके बायीं नासिका से तेज गति से सांस लें और छोड़ें। इस प्रक्रिया को दस बार करें। ध्यान रखें कि सांस लेते समय पेट अंदर आना चाहिए और सांस छोड़ते समय पेट बाहर आना चाहिये। यह प्रक्रिया बायीं नासिका की तरफ भी दोहराएं।
भुजंगासन
मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए नियमित भुजंगासन का अभ्यास करना चाहिए। इस आसन को करने के लिए पेट के बल लेटकर हथेली को कंधों के नीचे रखें। श्वास लेते हुए शरीर के अगले हिस्सों को ऊपर की ओर उठाएं। 10-20 सेकंड्स तक इसी स्थिति में रहें और फिर सामान्य अवस्था में आ जाएं। भुजंगासन कई और स्वास्थ्य समस्याओं में लाभदायक माना जाता है।
पवनमुक्तासन
पवनमुक्तासन योग का अभ्यास सर्दी जुकाम से दूर रखता है। इसे करने के लिए पीठ के बल लेटकर दोनों पैरों को मिलाते हुए हथेली को जमीन पर लगाएं। अब दाहिने पैर को घुटने से मोड़ते हुए छाती तक लगाएं। फिर अपने दोनों हाथों की उंगलियों को मिलाते हुए घुटने से थोड़ा नीचे होल्ड कर लें। अब पैरों से छाती पर दबाव पड़े तो धीरे-धीरे सांस को अंदर बाहर छोड़ें।
वज्रासन
वज्रासन करने के लिए घुटने टेककर बैठ जाएं। अब एड़ी पर अपनी जांघों को सेट करते हुए हाथों को जांघों पर ऱखें। पीठ सीधी रखते हुए गहरी सांस लें और लगभग 10 मिनट तक इस स्थिति में रहें, फिर आराम से बैठने की स्थिति में लौट आएं।
-------------
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।