शरीर के संपूर्ण स्वास्थ्य को ठीक रखने का मतलब शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की सेहत का ख्याल रखने से है। हालांकि पिछले कुछ समय से बिगड़ी लाइफस्टाइल और खान-पान ने इन दोनों को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। विशेषकर सेंडेंटरी लाइफस्टाइल यानी कि जीवनशैली की निष्क्रियता ने तमाम तरह की बीमारियों के जोखिम को बढ़ा दिया है। यही कारण है कि कम उम्र के लोगों में भी कई तरह की बीमारियों का खतरा काफी बढ़ गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, दिनचर्या में योगासनों को शामिल करना आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। यह शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने में लाभकारी माना जाता है।
Yoga Tips: बेहतर स्वास्थ्य के लिए हर उम्र वालों को जरूर करने चाहिए ये योगासन, क्या आप करते हैं इनका अभ्यास?
अनुलोम-विलोम प्राणायाम का अभ्यास
मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य से संबंधित कई तरह की समस्याओं के जोखिम को कम करने के लिए अनुलोम-विलोम प्राणायाम के अभ्यास को विशेषज्ञ बेहद फायदेमंद मानते हैं। सांस के इस अभ्यास को इसके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर कई तरह के प्रभावों के लिए जाना जाता है। इस योग का अभ्यास धैर्य, ध्यान और नियंत्रण को बढ़ाने के साथ तनाव और चिंता से राहत दिलाने में मददगार है। मस्तिष्क, श्वसन और हृदय स्वास्थ्य में सुधार करने के लिए इसके नियमित अभ्यास की आदत बनाएं।
वृक्षासन का अभ्यास
वृक्षासन या ट्री पोज़ पूरे शरीर को स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखने वाला कारगर योगसन है। शरीर के संतुलन में सुधार करने के साथ शारीरिक मुद्रा को ठीक रखने, आपके कमर, जांघों, कूल्हों की मांसपेशियों में रक्त के संचार को बढ़ाने और दर्द से राहत दिलाने में इसका अभ्यास फायदेमंद माना जाता है। वृक्षासन का अभ्यास आपके कोर को मजबूत करने के साथ पैरों और जांघों की समस्याओं को कम करने के लिए फायदेमंद माना जाता है।
गहरी सांस वाले अभ्यास की बनाएं आदत
गहरी सांस वाले अभ्यास की आदत काफी आसान है और इसे सभी उम्र वाले लोग सरलता से करके लाभ प्राप्त कर सकते हैं। विशेषतौर पर मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए गहरी सांस वाले अभ्यास की आदत को काफी फायदेमंद माना जाता है। चिंता और तनाव के प्रबंधन से लेकर ध्यान केंद्रित करने और बेहतर नींद प्राप्त करने के लिए इस योग को काफी फायदेमंद माना जाता है। हृदय और फेफड़े की क्षमता भी इस अभ्यास से बढ़ती है।
------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।