क्या आप भी उन लोगों में से हैं जिनके लिए किसी काम पर ज्यादा देर तक मन लगा पाना कठिन हो जाता है? अगर हां, तो इस दिशा में आपको गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। काम में ध्यान न लग पाने के कारण आपकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। बच्चों और वयस्कों की यह समस्या उनकी पढ़ाई और ऑफिस के कार्य को प्रभावित करने वाली हो सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, एकाग्रता में कमजोरी के कई कारण हो सकते हैं, इसको सुधारने के प्रयास किए जाने चाहिए।
Yoga Tips: समय के साथ कमजोर हो रही है एकाग्रता, विशेषज्ञों की सलाह- सभी लोगों को जरूर करना चाहिए मेडिटेशन
मेडिटेशन के बारे में जानिए
मेडिटेशन यानी कि ध्यान योग, मन को शांति देने और भावनात्मक लाभ में सहायक माना जाता है। मन को आराम देने और तनाव से निपटने के लिए इसके नियमित अभ्यास की आदत बनाना विशेष लाभकारी हो सकता है। योग विशेषज्ञ कहते हैं, मेडिटेशन के अभ्यास से ध्यान को केंद्रित करना आसान होता है। मेडिटेशन से मानसिक और शारीरिक दोनों प्रकार के स्वास्थ्य में लाभ देखा गया है। सभी आयु के लोग इस अभ्यास को करके फायदा पा सकते हैं।
ध्यान केंद्रित करने में मिलता है लाभ
कोलंबिया यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर के शोधकर्ताओं ने पाया कि मेडिटेशन के नियमित अभ्यास से मस्तिष्क की संरचना और कार्य में सकारात्मक रूप से बदलाव आ सकता है, जो तनाव, चिंता और अवसाद को कम करने में सहायक है। फोकस और सीखने की क्षमता को बढ़ाने के लिए नियमित रूप से मेडिटेशन के अभ्यास से फायदा पाया जा सकता है। ध्यान मुद्रा करने वाले लोगों में याददाश्त और मानसिक स्वास्थ्य विकारों की समस्या भी कम देखी गई है।
मानसिक और शारीरिक दोनों प्रकार के लाभ
ध्यान मुद्रा करने से भावनात्मक और शारीरिक, दोनों प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी लाभ देखे गए हैं।
- तनावपूर्ण स्थितियों से छुटकारा पाने और चिंता विकारों को कम करता है।
- आत्म-जागरूकता बढ़ाता है।
- नकारात्मक भावनाओं को कम करने में सहायक है।
- धैर्य और सहनशीलता में वृद्धि होती है।
- धड़कनों को नियंत्रित करता है, जिससे हृदय स्वास्थ्य में लाभ मिलता है।
- यह रक्तचाप को कम करने में मददगार अभ्यास है।
- ध्यान मुद्रा से नींद की गुणवत्ता में सुधार होता है, जिससे संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए जरूरी माना जाता है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।