शारीरिक और मानसिक दोनों तरह से स्वस्थ रहने के लिए विशेषज्ञ सभी लोगों को नियमित रूप से योग करने की सलाह देते हैं। विशेषकर कोविड-19 की शुरुआत से ही योग, हम में से ज्यादातर लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। कोविड के इस दौर में इम्यूनिटी को बढ़ाने से लेकर तनाव को कम करने और संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए विशेषज्ञ योग करने की सलाह देते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि आपको योग करने के लिए किसी उपकरण की आवश्यकता नहीं है, बस कुछ जगह और एक योग मैट के इस्तेमाल से घर पर ही आप खुद को स्वस्थ रखने के उपाय कर सकते हैं।
आज का योग टिप्स: योग से पाना चाहते हैं अधिकतम लाभ तो न करें ऐसी गलतियां, इन बातों का रखें ध्यान
बहुत अधिक परिश्रम न करें
योग विशेषज्ञों के मुताबिक योग आसनों को हमेशा शांत मन से और आरामदायक स्थिति में ही करना चाहिए, इसमें बहुत अधिक मेहनत की आवश्यकता नहीं होती है। 1 से 10 तक का पैमाना सेट करें जहां 1 सबसे आसान है। आप स्वयं को 7 या 8 के करीब रखने की कोशिश करें।
बहुत ठंडे मौसम में योग न करें
योग के लिए हमेशा अनुकूल परिस्थितियों का चयन करें। बहुत गर्म या बहुत ठंडे मौसम में योग न करें। विशेषकर सर्दियों के इस मौसम में सुबह धूप में योगासनों को करना सेहत के लिए ज्यादा लाभदायक हो सकता है। बहुत ठंडे मौसम में योग करने के नुकसान हो सकते हैं।
आसानों का सही ढंग से करें अभ्यास
योग से अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए इसका सही ढंग से किया जाना बहुत आवश्यक होता है। किसी के मार्गदर्शन में सही आसनों का अभ्यास करें। गलत ढंग से योग करने से मांसपेशियों में खिंचाव आने की समस्या हो सकती है।
आरामदायक स्थिति में करें योग
योग करते समय जूते और बहुत ज्यादा तंग कपड़ों को ना पहनें। हमेशा आरामदायक कपड़ों और आरामदायक माहौल में ही योग करने का प्रयास करें। योग की सही जानकारी और नियमों के बारे में जानने के लिए विशेषज्ञ से सलाह लेना फायदेमंद हो सकता है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।