Holi 2025: होली पर ज्यादा पकवान खाने से बिगड़ने लगा है पेट तो करें ये योगासन
कुछ आसान योगासन करने से पेट की गड़बड़ी से राहत मिल सकती है और पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करने लगता है।
वज्रासन
ये योगासन पाचन तंत्र को मजबूत करता है और खाने के तुरंत बाद भी किया जा सकता है। यह पेट में गैस बनने से रोकता है और खाना जल्दी पचाने में मदद करता है। इसके लिए घुटनों को मोड़कर एड़ियों पर बैठ जाएं और कमर सीधी रखें। हाथों को घुटनों पर रखें और सामान्य रूप से गहरी सांस लें। अब इस मुद्रा में कम से कम 5-10 मिनट तक बैठें।
पवनमुक्तासन
ये आसन भी गैस को खत्म करने में मदद करता है। इसके लिए सबसे पहले पीठ के बल लेट जाएं और दोनों पैर सीधे रखें। अब घुटने को मोड़कर छाती की ओर लाएं और हाथों से पकड़ लें। दूसरे पैर के साथ भी यही प्रक्रिया दोहराएं। कुछ सेकंड तक इसी मुद्रा में रहें और फिर धीरे-धीरे पैरों को सीधा करें। इससे भी आपको तुरंत आराम मिलेगा।
अर्ध मत्स्येंद्रासन
ये आसन पेट की मांसपेशियों की मालिश करता है और पाचन को तेज करता है। इसे करने के लिए सबसे पहले दोनों पैरों को आगे फैलाकर बैठें। अब दाएं पैर को मोड़ें और बाईं जांघ के बाहर रखें। बाएं हाथ को दाएं घुटने पर रखें और दाईं ओर मुड़ें। इस मुद्रा को 30 सेकंड तक बनाए रखें और फिर दूसरी तरफ दोहराएं।
भुजंगासन
ये आसन पेट की गैस और एसिडिटी को कम करने में मदद करता है। इसे करने के लिए पेट के बल लेटकर दोनों हाथों को कंधों के पास रखें। अब हाथों से शरीर को ऊपर उठाएं और सिर को पीछे की ओर ले जाएं। कुछ सेकंड इसी स्थिति में रहें और फिर वापस सामान्य मुद्रा में आ जाएं।