योग के नियमित अभ्यास की आदत को स्वास्थ्य विशेषज्ञ शारीरिक-मानसिक दोनों तरह की सेहत के लिए विशेष लाभकारी मानते हैं। योग संपूर्ण स्वास्थ्य लाभ के लिए कारगर तरीकों में से एक है। बच्चों के संपूर्ण विकास से लेकर उम्र बढ़ने के साथ होने वाली समस्याओं तक, योगासनों के नियमित अभ्यास की आदत आपके लिए विशेष फायदेमंद हो सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, योग करना न सिर्फ आसान है साथ ही इसे आप बिना किसी उपकरण के भी आसानी से करके स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं। कई अध्ययनों में पाया गया है कि तेजी से बढ़ रही कई तरह की लाइफस्टाइल से संबंधित बीमारियों के जोखिम को कम करने के लिए भी योग के अभ्यास से लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
Yoga Tips: इन आसनों का अभ्यास बेहद आसान पर फायदे गजब के, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए है लाभकारी
वज्रासन योग का अभ्यास
वज्रासन योग, शांत स्थिति में बैठकर किया जाने वाला अति प्रभावी योगासन है जिसके शारीरिक और मानसिक रूप से कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ देखे गए हैं। हर दिन वज्रासन का अभ्यास करने से हमारे पाचन तंत्र पर बेहतर लाभ होता है। पीठ के निचले हिस्से में दर्द से राहत दिलाने और दिमाग को शांत करने के लिए इस योग को करना लाभप्रद हो सकता है।
विशेषज्ञों ने पाया कि रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने और उच्च रक्तचाप तथा नींद में सुधार करने में भी वज्रासन योग के अभ्यास से विशेष लाभ प्राप्त हो सकता है।
कपालभाति प्राणायाम की बनाएं आदत
योग विशेषज्ञों का कहना है कि प्राणायाम मन और शरीर के लिए अति प्रभावी अभ्यास में से एक हैं। कई प्रकार के विकारों के जोखिम को कम करने में नियमित रूप से प्राणायाम से लाभ हो सकते हैं। यह कफ दोष को संतुलित करने के साथ पाचन को ठीक रखने और नींद में सुधार करने के लिए अति प्रभावी अभ्यास के तौर पर जाना जाता है।
विशेषज्ञों ने पाया कि कपालभाति प्राणायाम का अभ्यास तनाव और चिंता जैसे मनोविकारों से राहत दिलाने और रक्त परिसंचरण में सुधार करने का सबसे प्रभावी तरीका हो सकता है। सभी उम्र के लिए प्राणायाम के अभ्यास को कारगर पाया गया है।
सूर्य नमस्कार की बनाएं आदत
सूर्य नमस्कार कई आसनों की श्रृंखला है जिससे मानसिक और शारीरिक दोनों प्रकार की सेहत को लाभ मिल सकता है। वजन घटाने से लेकर मांसपेशियों और जोड़ों को मजबूत करने तक के लिए सूर्य नमस्कार प्रभावी तरीका माना जाता है। विशेषज्ञों ने पाया कि अनिद्रा की समस्याओं को दूर करने और मासिक धर्म से संबंधित जटिलताओं में सूर्य नमस्कार को प्रभावी पाया गया है। जिन लोगों को फ्रोजन शोल्डर की समस्या होती है, उन्हें सूर्य नमस्कार के अभ्यास से विशेष लाभ मिल सकता है। इसके नियमित अभ्यास की आदत बनाएं।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।