आज-कल की भागदौड़ भरी जिंदगी में थोड़ा सा समय निकाल कर अगर योग कर लिया जाए, तो कई सारी बीमारियां दूर हो सकती हैं। माना जाता है कि योग मानव जीवन का एक अहम हिस्सा है। कोरोना काल में योगा का महत्व और भी ज्यादा बढ़ गया है। अपने जीवन में योग को अपनाकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। इसके अलावा योग के जरिए इम्युनिटी भी बढ़ाई जा सकती है। हम आपको स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और इम्युनिटी बढ़ाने वाले योग के बारे में बताते हैं।
आज का योग: रोज करें ये योगासन, हमेशा रहेंगे स्वस्थ, इम्युनिटी होगी मजबूत
ताड़ासन
ताड़ासन को माउनटेंन पोज भी कहते हैं। ताड़ासन योग प्रशिक्षकों द्वारा करवाए जाने वाले शुरुआती आसनों में से एक है, क्योंकि इसे करना बहुत आसान तो है ही, साथ ही इसके स्वास्थ्य लाभ भी बहुत हैं। ताड़ासन आपके पूरे शरीर को स्ट्रेच करके लचीला तो बनाता ही है, साथ ही यह आपकी लंबाई बढ़ाने में भी मदद करता है।
सबसे पहले आप सीधे खड़े हो जाएं और पैरों के बीच कुछ दूरी रखें। दोनों हाथों को अपने शरीर के पास में सीधा रखें। गहरी सांस लेते हुए अपनी दोनों बाजुओं को सिर के ऊपर उठाएं और अपनी उंगलियों को आपस में बांध लें। हाथों को सीधा रखें और स्ट्रेच करें। अपनी एड़ी उठाते हुए अपने पैर की उंगलियों पर खड़े हो जाएं। इस दौरान आपके शरीर में पैरों से लेकर हाथों की उंगलियों तक स्ट्रेच महसूस होना चाहिए। शरीर को ऊपर की ओर खींचे। 25- 30 सेकंड तक इसी अवस्था में लंबी गहरी श्वास लेते रहें।
इन लोगों को नहीं करना चाहिए ताड़ासन
निम्न रक्तचाप की समस्या से परेशान लोग और गर्भवती महिलाओं को ये आसन नहीं करना चाहिए। बाकी तो ये आसन बहुत आसान होने के साथ ही लाभकारी भी है इसलिए सभी उम्र के लोग इस आसन को कर सकते हैं।
ग्रीवा शक्ति विकासक योगासन
इस योगसन को करने के लिए आपको खड़ा होना होता है। अगर आप खड़े होकर इस आसन को नहीं कर सकते हैं, तो बैठकर भी कर सकते हैं। इसे कुर्सी पर भी बैठकर कर सकते हैं। आरामदायक स्थिति में खड़े हो जाएं फिर अपने हाथों को कमर पर टिका कर रखें। शरीर को ढीला करें। कंधों को पूरी तरह से आराम दें। सांस छोड़ते रहें और गर्दन को आगे की तरफ धीरे-धीरे लेकर आएं। इसके बाद फिर सांस भरते हुए गर्दन को पीछे की तरफ लेकर जाएं।
अगर आपको कोई समस्या हो तो आप पहले हेल्थ एक्सपर्ट से सलाह लें। इसके बाद योगासन करें।