योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ और फिट बनाए रखने वाले अभ्यास हैं। जीवनशैली में गड़बड़ी के कारण बढ़ती बीमारियों के जोखिम को कम करने और सेहत को फिट बनाए रखने के लिए सभी उम्र के लोगों को नियमित रूप से योगासनों के अभ्यास की आदत बनानी चाहिए। अध्ययनों में पाया गया है कि कई प्रकार की क्रोनिक स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को कम करने से लेकर संपूर्ण फिटनेस के लिए योगासनों के नियमित अभ्यास की आदत सभी लोगों के लिए फायदेमंद हो सकती है।
Yoga Tips: आयुष मंत्रालय की सलाह- योग से अधिकतम लाभ पाने के लिए जानिए क्या करें-क्या नहीं?
योग से शरीर को होने वाले लाभ?
योग विशेषज्ञों के मुताबिक नियमित रूप से योगासनों का आदत बनाकर शारीरिक और मानसिक फिटनेस को ठीक रखा जा सकता है। योग, शरीर की शक्ति, संतुलन और लचीलेपन में सुधार करता है। पीठ-कंधे के दर्द से राहत दिलाने में मदद करता है। गठिया के लक्षणों को कम करने के साथ, हृदय स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाने और आपको बेहतर नींद दिलाने में मदद करने के लिए योगासनों का अभ्यास किया जाना चाहिए।
योग करते समय क्या करना चाहिए?
योग के अभ्यास के समय कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।
- योग अभ्यास के लिए परिवेश, शरीर और मन की स्वच्छता आवश्यक है।
- आसनों का अभ्यास खाली पेट करना चाहिए। गुनगुने पानी में थोड़ी मात्रा में शहद मिलाकर पीना लाभकारी माना जाता है।
- योगासनों के दौरान मन को शांत करने के लिए अनुकूल वातावरण बनाना आवश्यक माना जाता है।
- शरीर और श्वास के प्रति जागरूकता के साथ, योगाभ्यास धीरे-धीरे और आराम से किया जाना चाहिए।
- किसी प्रकार की चोट से बचने के लिए योगासनों से पहले वार्म अप और बाद में स्ट्रेचिंग बहुत आवश्यक है।
- योग से अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए सात्विक भोजन करने का प्रयास करें।
- योग अभ्यास से पहले शरीर को हाइड्रेटेड रखें।
योग के दौरान सावधानियां
योग का अभ्यास करते समय सभी लोगों को कुछ बातों को लेकर विशेष सावधानी बरतते रहने का आवश्यकता है।
- थकावट या बीमारी के समय जल्दबाजी में योग नहीं करना चाहिए।
- मासिक धर्म के दौरान योगाभ्यास से बचना चाहिए। इसके बजाय विश्राम तकनीक और प्राणायाम किया जा सकता है।
- भोजन के तुरंत बाद योग न करें।
- योग करने के बाद 30 मिनट तक न नहाएं और न ही पानी पिएं।
- सर्जरी या किसी मोच-फ्रैक्चर के दौरान योगाभ्यास से बचना चाहिए।
- प्रतिकूल मौसम की स्थिति (बहुत गर्म, बहुत ठंडा या आर्द्र) में योग के अभ्यास को लेकर सावधानियां बरतें।
------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।