क्या आपका भी सपना है कि एक बार विदेश यात्रा जरूर करनी है? हर बार वीजा, पासपोर्ट और लंबे खर्चे को सोच कर अपना प्लान स्किप कर देते हैं? अगर हां तो इस बार हम आपकी इस परेशानी को दूर करने की कोशिश करेंगे। इस लेख में हम कुछ ऐसे देशों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां कम पैसों में भी पूरा लुत्फ लिया जा सकता है और सबसे खास बात यहां की यात्रा के लिए आपको वीजा की भी जरूरत नहीं होगी।
New Year Planning: बिना वीजा के भी इन देशों की कर सकते हैं यात्रा, प्राकृतिक सौंदर्य के दिखेंगे अद्भुत नजारे
नेपाल की खूबसूरती मनमोहक
नेपाल भारत का पड़ोसी देश है, जहां की यात्रा के लिए भारतीय लोगों को न तो वीजा की आवश्यकता होती है न ही पासपोर्ट की। आपके पास फोटोग्राफ के साथ केवल एक वैध आईडी प्रूफ होना चाहिए। नेपाल पहाड़ों से घिरा हुआ प्राकृतिक सौंदर्य वाला खूबसूरत देश है,यह ट्रेकर्स के लिए स्वर्ग जैसा माना जाता है। इसकी पहाड़ी श्रृंखलाओं में ट्रेकिंग के लिए हमेशा पर्यटकों की भीड़ नजर आती है। भारतीय संस्कृति का भी यहां आपको दर्शन हो जाएगा।
हांगकांग, तस्वीरों की तरह खूबसूरत
बहुत कम लोग जानते हैं कि हांगकांग, भारतीय पासपोर्ट धारकों को 14 दिनों तक वीजा फ्री रहने की सुविधा प्रदान करता है। आपको बस भारत से सीधे हांगकांग के लिए उड़ान भरनी होगी। हांगकांग एशिया के सबसे अधिक स्पंदित देशों में से एक है, यहां की नाइटलाइफ़ और शहर की खूबसूरती का आप जी भर के आनंद उठा सकते हैं। भारत के लगभग सभी प्रमुख हवाईअड्डों से हांगकांग के लिए सीधी उड़ानें हैं।
भूटान, मठों वाला देश
भूटान अपने पर्यटकों का पूरे दिल से स्वागत करता है और यहां की हरियाली, हिमालय के प्रभावशाली दृश्य और सुरम्य मठ आपको बेहद पसंद आने वाले हैं। यह भारत के लिए वीज़ा मुक्त देशों में से एक है, जिसका अर्थ है कि आपको बस एक भारतीय पासपोर्ट धारक होना है। भूटान दुनिया के सबसे शांतिपूर्ण स्थानों में से एक है, मानसिक शांति चाहने वाले लोगों के लिए यह सबसे बेहतर विकल्प हो सकता है। यहां दोचु ला पास, गंगटे, पारो, थिंपू, तख्तसांग और लखंग जैसी जगहों की सैर की जा सकती है।
जमैका, बीच और प्रकृति की सुंदरता
जमैका का ज़िक्र करते ही बीच का दृश्य आंखों के सामने घूमने लग जाता है। हरे-भरे पहाड़ी जंगलों, चट्टानों से घिरे समुद्री तटों और शानदार नाइटलाइफ़ के लिए यह काफी पसंदीदा स्थान रहा है। भारतीय नागरिकों के लिए यहां 30 दिनों तक ठहरने के लिए टूरिस्ट वीजा की जरूरत नहीं है। यहां समुद्र की लहरों के बीच जीवन का आनंद लेना आपके लिए हमेशा यादगार रहने वाला है।