हमारी सेहत ठीक है या नहीं, शरीर इसका खुद ही संकेत देता रहता है। बीमारियों के बारे में पता लगाने के लिए हर बार हमें टेस्ट कराने की जरूरत नहीं होती है। हमारी आंखों, नाखून, त्वचा में दिखने वाले बदलाव भी अलर्ट करते रहते हैं कि अंदर सबकुछ ठीक चल रहा है या नहीं?
जानना जरूरी: बदल गया है मुंह का स्वाद और जीभ में भी रहती है जलन? कहीं ये किसी गंभीर बीमारी का संकेत तो नहीं
Burning Tongue: जीभ में जलन होना, मुंह का स्वाद बदलना और बार-बार मुंह सूखना शरीर में आयरन, विटामिन बी12, फोलेट या जिंक की कमी का संकेत हो सकता है। कुछ प्रकार की दवाएं, डायबिटीज की स्थिति भी इसका कारण हो सकती है। लगातार इस तरह के लक्षण हो रहे हों तो डॉक्टर से इसकी जांच कराएं।
क्या आपके मुंह में भी हो रही हैं दिक्कतें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मुंह की अंदरूनी परत और जीभ को स्वस्थ रखने के साथ और स्वाद की सामान्य क्षमता बनाए रखने में आयरन, विटामिन बी12, फोलेट और जिंक जैसे पोषक तत्वों की जरूरत होती है। इनकी कमी होने पर जीभ में दर्द, जलन, छाले या स्वाद में बदलाव जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।
- जीभ और मुंह की अंदरूनी परत लगातार नई कोशिकाएं बनाती रहती हैं। इस प्रक्रिया के लिए शरीर को पर्याप्त पोषण चाहिए।
- कुछ विटामिन और मिनरल्स की कमी मुंह के स्वाद में बदलाव पैदा कर सकती है।
आइए जानते हैं कि मुंह की किन समस्याओं में आपको अलर्ट हो जाना चाहिए?
पोषक तत्वों की कमी के क्या होते हैं संकेत?
आयरन से लेकर विटामिन बी-12 और फोलेट जैसे पोषक तत्वों की कमी का आपकी जीभ पर असर हो दिखाई दे सकता है।
- आयरन कम होने पर खून में हीमोग्लोबिन घट सकता है। इससे जीभ में दर्द-जलन, जीभ चिकनी दिखाई देने के साथ थकान और कमजोरी हो सकती है।
- विटामिन बी-12 की कमी से जीभ लाल, चिकनी हो सकती है और कई बार जीभ में दर्द हो सकता है।
- विटामिन बी-12 की कमी के कारण कमजोरी, थकान और हाथ-पैरों में झुनझुनी भी हो सकती है।
- फोलेट कोशिकाओं के बनने और बढ़ने में मदद करता है। इसकी कमी से मुंह में छाले, जीभ में सूजन और एनीमिया हो सकती है।
- जिंक स्वाद पहचानने की क्षमता और घाव भरने में मदद करता है। इसकी कमी से स्वाद कम महसूस होने, भूख कम लगने और घाव भरने में देरी हो सकती है।
मुंह की इन समस्याओं पर भी दें ध्यान
जीभ में दर्द और जलन की समस्या के कई कारण हो सकते हैं, कुछ स्थितियों में आपको तुरंत गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत होती है। कई बार शरीर में पानी की कमी, डायबिटीज, मुंह से सांस लेने और लार कम बनने की समस्या मुंह सूखापन बढ़ाने वाली हो सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अगर आपके जीभ में जलन, स्वाद में बदलाव या मुंह सूखने की समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर या डेंटिस्ट से सलाह लें। लगातार मुंह में बनी रहने वाली दिक्कतों को अनदेखा न करें, ये गंभीर समस्याओं का संकेत भी हो सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
