शनिवार और रविवार की छुट्टी हो तो घूमने की प्लानिंग बनना स्वाभाविक है, पर क्या आप भी उन लोगों में से हैं जिनकी प्लानिंग अक्सर कैंसिल हो जाती है? अगर हां तो इस वीकेंड को खाली मत जाने दीजिए। अगर आप दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं तो आपको ज्यादा दूर जाने की जरूरत नहीं है, आपके आसपास ही कई ऐसी घूमने का जगहे हैं जहां न सिर्फ आप अपने वीकेंड को मजेदार बना सकते हैं, साथ ही यहां से शॉपिंग भी की जा सकती है।
Places To Visit in Noida: वीकेंड पर कहीं घूमने की कर रहे हैं प्लानिंग, नोएडा की ये जगहें 'फुल पैसा वसूल'
ओखला बर्ड सेंचुरी
दिल्ली नोएडा के बॉर्डर पर स्थित है- ओखला बर्ड सेंचुरी जहां इस बार वीकेंड पर घूमने की प्लानिंग की जा सकती है। प्रकृति को पसंद करने वाले लोग, जिन्हें पक्षियों-जानवरों के बीच रहना पसंद है, उनके लिए ओखला बर्ड सेंचुरी में घूमने जाना काफी आनंददायक हो सकता है। यह बोटेनिकल गार्डेन के पास स्थित है और आप ओखला बर्ड सेंचुरी मेट्रो स्टेशन से यहां आसानी से पहुंच सकते हैं।
बोटेनिकल गार्डेन का लिजिए आनंद
अगर आप मन की शांति चाहते हैं, पेड़-पौधे, फूल पत्तियां देखना पसंद है तो बोटेनिकल गार्डेन भी एक बेहतर विकल्प हो सकता है। ओखला बर्ड सेंचुरी के नजदीक ही स्थित बोटेनिकल गार्डेन में आपको कई प्रजातियों के पेड़-पौधे और फूल देखने को मिल जाएंगे। बोटेनिकल गार्डेन का मेट्रो स्टेशन भी है जो मैजेंटा लाइन का इंटरचेंज है, यानी कि दिल्ली से आना हो या नोएडा से यहां आप आसानी से पहुंच सकते हैं।
खाना-पीना और शॉपिंग के लिए अट्टा मार्केट
वीकेंड पर अगर आप शॉपिंग करना चाहते हैं तो अट्टा मार्केट जाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। यहां किफायती दर पर आपको कपड़े और घरेलू सामान मिल जाएंगे। अट्टा मार्केट में खाने-पीने के लिए भी तमाम विकल्प हैं, जो आपके वीकेंड का काफी लजीज बना सकते हैं।