Best Places To Eat Momos In Delhi: सर्दियों का मौसम आते ही खाने की कई वैरायटी बाजार में आने लगती हैं। खाने का शौक रखने वाले स्ट्रीट फूड्स बहुत मजे से खाते हैं। अक्सर लोग इस सर्द मौसम में मोमोज खाने की इच्छा रखते हैं। वैसे भी पिछले कुछ सालों में मोमोज का क्रेज बढ़ा है। लगभग बहुत सारे शहरों में मोमोज के छोटे बड़े स्टॉल लगे रहते हैं, जहां गर्म गर्म लजीज मोमोज खाने को मिलते हैं। मोमोज में भी कई वैरायटी होती है। वेज मोमोज, पनीर मोमोज, सोया मोमोज, चिकन मोमोज, तंदूरी मोमोज आदि तरह तरह के मोमोज का स्वाद ले सकते हैं। मोमोज पसंद करने वाले लोग ऐसी जगहों की खोज में रहते हैं, जहां लजीज मोमोज खाने को मिल जाए। दिल्ली एनसीआर के रहने वाले हैं तो ऐसी जगहों के बारे में जान लें, जहां लजीज मोमो मिल जाएंगे। इन जगहों के मोमो एक बार जरूर ट्राई करें।
Momos In Delhi NCR: दिल्ली एनसीआर की इन जगहों पर मिलते हैं लजीज मोमोज, क्या आपने कभी खाए?
ब्रह्मपुत्र मार्केट, नोएडा
नोएडा में ब्रह्मपुत्र मार्केट है। यहां शाम के समय स्ट्रीट फूड्स की बाजार लग जाती है। ब्रह्मपुत्र मार्केट में आप अलग अलग तरह के स्वादिष्ट मोमोज का लुत्फ उठा सकते हैं। यहां एक दुकान के कुरकुरे मोमोज काफी लजीज लगते हैं। वहीं मोमो की कीमत भी बहुत कम होती है। 50 रुपये और उससे अधिक में आपको मोमोज की कई वैरायटी मिल जाएगी।
लक्ष्मी नगर
दिल्ली के लक्ष्मीनगर के आसपास के रहने वाले हैं, तो यहां के मोमोज एक बार जरूर ट्राई करें। शाकाहारी हैं और वेज मोमो खाना पसंद करते हैं तो लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास ही मोमोज की छोटी सा स्टाॅल लगता है। यहां मोमो का रेट काफी कम है और मोमोज के साथ दी जाने वाली चटनी बहुत स्वादिष्ट होती है।
इंदिरापुरम
दिल्ली एनसीआर में वैसे तो कई जगहें हैं, जहां मोमोज के बहुत सारे स्टॉल व दुकानें मिल जाएंगी लेकिन इंदिरापुरम के विंडसर मार्केट में एक मोमो का स्टाॅल है, जो काफी मशहूर है। दूर से ही यहां मोमो लवर्स दिख जाएंगे, जो विंडसर मार्केट के मशहूर मोमोज खाने पहुंचते हैं। यहां के मोमोज का स्वाद जितना लजीज है, उतने ही सस्ते में एक प्लेट मोमोज मिल जाएगा।
लाजपत नगर
दिल्ली के लाजपत नगर में स्थित अमर कॉलोनी में भी बहुत मशहूर मोमो की दुकान है। यहां पर एक आंटी मोमो की दुकान लगाती हैं, जहां आपको सामान्य रेट में बहुत ही लजीज मोमोज खाने को मिल जाएंगे। यहां तंदूरी मोमो से लेकर ग्रेवी मोमो तक खाने को मिल जाएगा। सर्दियों की कड़कड़ाती शाम को कॉलेज या ऑफिस से लौटते समय अमर कॉलोनी के मशहूर मोमोज जरूर खाएं।