New Year 2023 Safety Tips: वर्ष 2022 का अंत और 2023 का आगाज हो गया है। नए साल को लेकर लोग काफी योजनाएं बनाकर रखते हैं। भविष्य की तैयारियां करने लगते हैं। कुछ अच्छा होने की उम्मीद में उत्साह से नए साल का स्वागत करते हैं। लेकिन आने वाला साल अगर अपने साथ उम्मीदें और आशाएं लाता है तो जिम्मेदारियां भी लेकर आता है। लोगों को अपनी जिम्मेदारियों की पहचान करके उस को पूरी इमानदारी से निभाना चाहिए, ताकि नव वर्ष भी आपकी उम्मीदों पर खरा उतर सके और भविष्य बेहतर और खुशहाल बन सके। आपकी जिम्मेदारी बनती है कि अपने साथ ही खुद के परिवार, रिश्तेदार, घर के बच्चों और करीबियों की सुरक्षा पर ध्यान दें। सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा देने की इस जिम्मेदारी को निभाने की शुरुआत नए साल से करें। साल 2023 में कुछ बातों का विशेष ध्यान रखकर परिवार, बच्चों और करीबियों को किसी भी तरह के खतरे से बचा सकते हैं। अगली स्लाइड्स में जानिए किन तरीकों से नए साल में परिवार को सुरक्षा दी जा सकती हैं।
New Year 2023: परिवार की सुरक्षा के लिए अपनाएं ये तरीके, नए साल से रखें इन बातों का ध्यान
परिवार के सदस्यों की नियमित स्वास्थ्य जांच
घर के बड़े बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक परिवार के सभी सदस्यों की सुरक्षा करना चाहते हैं तो शुरुआत उनकी सेहत की सुरक्षा से करें। परिजनों की सेहत का ख्याल रखें। समय समय पर परिवार के सदस्यों खासकर परिवार के बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच कराएं, ताकि उन्हें किसी तरह की सेहत संबंधी समस्या हो तो उसका पता चल सके और समय पर इलाज मिल सके।
सेहत का रखें ध्यान
महज स्वास्थ्य जांच कराने मात्र से आप परिजनों की सुरक्षा नहीं कर सकते, बल्कि उन्हें सेहतमंद बनाने की जिम्मेदारी भी उठाएं। किसी तरह के मानसिक और शारीरिक विकार से परिजनों को बचाने के लिए नियमित योगासन का अभ्यास कराएं। बच्चों को साइकिलिंग, तैराकी या स्पोर्ट्स एक्टिविटी के लिए प्रोत्साहित करें। पौष्टिक आहार उनकी डाइट में शामिल करें। इस बात का ध्यान रखें कि परिवार में किस सदस्य को किन चीजों के सेवन से बचना है ताकि साइड इफेक्ट से बचा सकें।
भविष्य के लिए बचत
आप 20 के युवा हों या घर के मुखिया हों, ये आपकी जिम्मेदारी है कि भविष्य में परिवार को आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े। इसलिए आपकी जिम्मेदारी है कि आय से कुछ बचत भविष्य के लिए करें। किसी आपातकाल स्थिति के लिए आपके पास सेविंग होनी चाहिए। फिजूलखर्ची से बचें और परिवार के बाकी सदस्यों को भी यह सिखाएं। नौकरीपेशा हैं तो जीवन बीमा या रिटायरमेंट प्लान के जरिए भविष्य को सुरक्षित करने के लिए योजना बनाएं।
बच्चों और महिलाओं के लिए सुरक्षा
परिवार के बच्चे स्कूल या कॉलेज जाते हैं, तो वह कितने सुरक्षित हैं?, उनके आसपास का माहौल कितना स्वस्थ हैं?, बच्चों को दोस्त, शिक्षक कैसे हैं? इन सब बातों का पता आपको होना चाहिए। बच्चों को सामाजिक, मानसिक तौर पर सुरक्षित वातावरण देने का प्रयास करें। वहीं परिवार की महिलाएं खुद को कितना सुरक्षित मानती हैं, ये भी समझने का प्रयास करें। कहीं वह घर से बाहर निकलने से डरती तो नहीं, कहीं उन्हें कोई असहज तो महसूस नहीं कराता, इसका भी ध्यान रखें।