भारत के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी की शादी की खबरें खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। बुधवार को नीता और मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी आनंद पीरामल के साथ शादी के बंधन में बंध जाएंगी।इतने बड़े अमीर परिवार की इकलौती बेटी की शादी आखिर किससे होने जा रही है, इस बात को जानने के लिए हर कोई उत्सुक है। आइए जानते हैं अरबपति परिवार के दामाद आनंद पीरामल आखिर कौन हैं।
आनंद पीरामल बड़े उद्योगपति पीरामल इंटरप्राइजेज के मालिक अजय पीरामल के बेटे हैं। आनंद यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया से इकोनॉमिक्स में स्नातक हैं। इसके अलावा उन्होंने हार्वड बिजनेस स्कूल से एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स की है।
आनंद कुछ समय पहले अपने दो स्टार्टअप को लेकर चर्चा में आए थे। उनका पहला स्टार्टअप पीरामल ई-हेल्थ है, जो आज 40,000 से ज्यादा रोगियों का इलाज कर रही है। इसके अलावा दूसरा स्टार्टअप है रिएल्टी। यह एक रियल एस्टेट का स्टार्टअप है। आनंद ने एक कार्यक्रम में कहा था कि उन्होंने मुकेश अंबानी द्वारा प्रेरित किए जाने के बाद बिजनेसमैन बनाने का फैसला किया।
आनंद ने आगे कहा कि जब मैंने मुकेश से पूछा कि मैं बैंकिंग सेक्टर में काम करूं या फिर कंसल्टेंसी में। इस पर उन्होंने मुझे कहा कि कंसल्टेंट बनते हो तो यह वैसा होगा जैसे आप क्रिकेट देख रहे हो, लेकिन बिजनेस करते हो तो यह क्रिकेट खेलने जैसा होगा। तुम्हें बिजनेस करना चाहिए और आज से ही शुरू हो जाना चाहिए।
12 दिसंबर को ईशा अंबानी और आनंद पीरामल मुंबई में शादी के बंधन में बंधेंगे। उदयपुर में होने वाले सभी कार्यक्रम शादी से पहले के हैं। बता दें कि आनंद की तरह ही ईशा बिजनेस वुमन हैं। उन्होंने येल विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान और साउथ एशियन स्टडीज में स्नातक किया है।