चिलचिलाती गर्मी के बाद आने वाला बारिश का मौसम सबको अच्छा लगता है। इस मौसम में बारिश के फुहारों के बीच अगर गर्म चाय और पकौड़े मिल जाएं, तो फिर बात ही क्या है? लेकिन इन सब के अलावा ये मौसम अपने साथ कई बीमारियां भी लेकर आता है। पूरे साल में वायरल और इंफेक्शन के सबसे ज्यादा मामले बारिश में ही सामने आते हैं। बारिश होने के कारण जगह-जगह पर पानी लग जाने और मौसम में नमी के कारण कई तरह के बैक्टीरिया और वायरस पनपने लगते हैं। इस मौसम में वायरल बुखार, खांसी, जुकाम, नाक बहना, फंगल इंफेक्शन, फ्लू आदि का खतरा रहता है। इसके अलावा बारिश के मौसम में पेट और पाचन से जुड़ी समस्याएं भी खूब सामने आती हैं। ऐसे में इस मौसम में इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखना बहुत जरूरी है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से इम्यूनिटी बढ़ाने वाले फूड्स के बारे में बताएंगे, जिनका सेवन आपको हर रोज करना चाहिए।
Monsoon Diet Tips: बारिश के मौसम में वायरल बीमारियों, इंफेक्शन और एलर्जी से बचाएंगे ये इम्यूनिटी बूस्टर फूड्स
हल्दी
भारतीय रसोई में मसालों के तौर पर प्रयोग में लाई जाने वाली हल्दी बहुत पावरफुल है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि हल्दी में लगभग 300 से ज्यादा पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिनकी जरूरत हमारे शरीर को पड़ती है। इसके हल्दी में एंटी-वायरल, एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-इंफ्लेमेट्री और एंटी-कैंसर गुण भी होते हैं। वायरस, बैक्टीरिया और इंफेक्शन से बचाने में हल्दी हमारी रक्षा करती है। वहीं हल्दी में पाए जाने वाला कर्क्यूमिन नामक तत्व हमारे शरीर के इम्यून सिस्टम को बहुत पावरफुल बना देता है। इस वजह से बारिश के मौसम में खासकर हल्दी का सेवन करना चाहिए।
कैसे करें हल्दी का सेवन?
इम्यूनिटी बूस्ट करने के लिए रोजाना रात में सोने से करीब आधे घंटे पहले एक गिलास दूध में आधा चम्मच हल्दी घोलकर पी सकते हैं। इसके अलावा अगर आप चाहें तो एक चम्मच देसी घी में एक चौथाई चम्मच हल्दी और चुटकी भर काली मिर्च मिलाकर आप रोजाना सेवन कर सकते हैं। इन दोनों तरीकों से हल्दी का सेवन करने से आपकी इम्यूनिटी मजबूत होगी।
बादाम
बादाम को सभी नट्स में सबसे ज्यादा हेल्दी माना जाता है। इसमें मैग्नीशियम, राइबोफ्लेविन, जिंक और प्रोटीन जैसे पोषक तत्वों की प्रचुर मात्रा पाई जाती है। बादाम विटामिन ई का भी बहुत अच्छा स्रोत है, जो हमारे त्वचा और बालों के लिए बहुत फायदेमंद है। बादाम में कई एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो वायरस और बैक्टीरिया के कारण होने वाले इंफेक्शन से बचाते हैं। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए बादाम एक बहुत ही हेल्दी नट है।
कैसे करें बादाम का सेवन?
मुख्य भोजन के बाद लगने वाली छोटी-छोटी भूख में बादाम को स्नैक्स के तौर पर खाया जा सकता है। इसके अलावा आप रात में सोते समय बादाम दूध का सेवन कर सकते हैं।