आईपीएल 2022 में एक बदलाव देखने को मिला। चार बार आईपीएल सीरीज जीतने वाली चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रहे महेंद्र सिंह धोनी की जगह इस बार टीम की कप्तानी रविंद्र जडेजा के कंधों पर आई है। भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने कड़े संघर्षों के बाद भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाई। उनके पिता एक गार्ड की नौकरी करते थे और परिवार का पालन पोषण करते थे। लेकिन जडेजा ने कड़ी मेहनत करके न केवल विश्व में दमदार ऑलराउंडर खिलाड़ियों की लिस्ट में अपनी जगह बनाई, बल्कि काफी दौलत भी कमाई। साल 2006 में अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम में जगह बनाकर रविंद्र जडेजा ने अपनी काबिलियत का लोहा मनवा लिया। 2008 में जडेजा एक बार फिर अंडर 19 विश्व कप का हिस्सा बने। इस बार विराट कोहली की कप्तानी और जडेजा की उप कप्तानी में विश्वकप भारत के नाम हुआ। इतनी मेहनत के बाद मुकाम पर पहुंचे रविंद्र जडेजा सालाना कितनी कमाई करते हैं? जानें सीएसके के नए कप्तान रविंद्र जडेजा की कुल संपत्ति और लग्जरी लाइफ स्टाइल के बारे में।
Ravindra Jadeja Net Worth: रविंद्र जडेजा करते हैं कितनी कमाई? जानिए CSK के नए कप्तान की कुल संपत्ति
आईपीएल 2022 में जडेजा की आय
इस साल आईपीएल में सीएसके की टीम ने अपने चार खिलाड़ियों को रिटेन किया, जिसमें रविंद्र जडेजा को सबसे अधिक कीमत पर रिटेन किया गया। रविंद्र जडेजा को सीएसके ने 16 करोड़ में रिटेन किया है, जबकि महेंद्र सिंह धोनी को 12 करोड़ में रिटेन किया है। इसके पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें सात करोड़ रुपये में खरीदा था। जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स और गुजरात लायंस के लिए भी खेला है।
रविंद्र जडेजा का घर
फर्श से अर्श तक का सफर तय करने वाले रविंद्र जडेजा आज आलीशान जीवन जीते हैं। गुजरात के जामनगर में उनका एक लग्जरी डिजाइनर बंगला है। इस चार मंजिला बंगले में खूबसूरत बड़े दरवाजे से लेकर पुराने डिजाइन के फर्नीचर और झूमर राजसी माहौल बनाते हैं। उनके आशियाने का नाम रॉयल नवघन है। इस बंगले के अलावा जडेजा का एक फार्म हाउस भी है। उनके फार्म हाउस का नाम 'मिस्टर जड्डू का फार्म हाउस' है। जडेजा को घुड़सवारी का भी शौक है। इस फार्म हाउस में जडेजा अक्सर ही घुड़सवारी करने के लिए जाते हैं। जडेजा के पास देशभर में कई रियल एस्टेट प्रॉपर्टी हैं।
रविंद्र जडेजा का कार कलेक्शन
अपने शाही घर में रविंद्र जडेजा दुनिया के सबसे लग्जरी गाड़ियों को रखते हैं। उनके पास काफी महंगी गाड़ियों का कलेक्शन है। उनके पास काले रंग की हुंडई एक्सेंट, सफेद रंग की ऑडी क्यू 7, बीएमडब्ल्यू एक्स 1 कार हैं। साथ ही हायाबुसा बाइक भी है।
रविंद्र जडेजा की आय
बात करें क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की कमाई की तो वह क्रिकेट से मोटी कमाई करते हैं। आईपीएल के अलावा अन्य मैचों से कमाने वाले जडेजा कई ब्रांड एंडोर्समेंट से भी कमाई करते हैं। रविंद्र जडेजा सालाना 16 करोड़ से ज्यादा कमाते हैं तो वहीं महीने में वह डेढ करोड़ रुपये तक कमा लेते हैं।