रक्तदान को महादान कहा जाता है। ब्लड डोनेशन से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। दुर्घटना, सर्जरी और कई गंभीर बीमारियों के इलाज के दौरान मरीजों को खून की जरूरत पड़ती है। ऐसे में नियमित रूप से ब्लड डोनेट करना इमरजेंसी इलाज की स्थिति में मरीजों की जान बचाने वाला हो सकता है। रक्तदान को बढ़ाने के लिए सरकार समय-समय पर जागरूकता और ब्लड डोनेशन कैंप्स भी लगाती रहती है, जिससे ब्लड की डिमांड और सप्लाई को पूरा किया जा सके।
जानना जरूरी: क्या बार-बार ब्लड डोनेट करने से आयरन की कमी हो जाती है? जानिए रक्तदान की जरूरी बातें
क्या बार-बार रक्तदान करने से शरीर में आयरन का भंडार कम होता है? एक बार रक्तदान में लगभग 220-250 मिलीग्राम आयरन निकलता है। इसकी भरपाई में कई सप्ताह लग सकते हैं। नियमित रक्तदान करने वालों को हीमोग्लोबिन के साथ फेरिटिन की जांच और संतुलित खानपान पर ध्यान देना चाहिए।
पहले रक्तदान के बारे में जरूरी बातें जान लीजिए
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, रक्तदान न सिर्फ सबसे बड़ा दान है बल्कि ये कई मामलों में सेहत के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। एक बार रक्तदान करने के बाद पुरुष 3 महीने (90 दिन) और महिलाओं के लिए 4 महीने (120 दिन) के बाद दूसरा ब्लड डोनेशन करना उपयुक्त माना जाता है। मसलन ज्यादातर स्वस्थ वयस्क साल में 3 से 4 बार रक्तदान कर सकते हैं।
- एक बार में ब्लड डोनेशन में लगभग 350 से 500 एमएल रक्त लिया जाता है। भारत में, एक मानक यूनिट आमतौर पर 350 ml की होती है।
- अब सवाल ये है कि क्या साल में 3-4 बार ब्लड डोनेट करने का शरीर की सेहत पर असर पड़ सकता है, क्या इससे शरीर में आयरन की कमी हो जाती है?
रक्तदान से कितना आयरन कम होता है?
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि खून में मौजूद रेड ब्लड सेल्स में हीमोग्लोबिन होता है, जिसके निर्माण के लिए आयरन जरूरी है। जब हम रक्तदान करते हैं, तो शरीर से खून के साथ आयरन भी निकलता है। शरीर इसकी भरपाई करने में समय लेता है। अगर पर्याप्त समय मिलने से पहले ही दोबारा रक्तदान किया जाए, तो शरीर में आयरन का भंडार कम हो सकता है। इसलिए नियमित रक्तदान करने वालों को अपनी आयरन की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।
- अमेरिकन सोसायटी ऑफ हेमेटोलॉजी के अनुसार, एक बार रक्तदान करने पर शरीर से लगभग 220-250 मिलीग्राम आयरन निकल सकता है।
- इसकी भरपाई करने में 24 से 30 सप्ताह तक लग सकते हैं।
- हालांकि तय अंतराल पर ब्लड डोनेट करना पूरी तरह सुरक्षित माना जाता है, इससे शरीर को कई प्रकार के लाभ भी हो सकते हैं।
रक्तदान करने वालों को क्या सावधानी रखनी चाहिए?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ब्लड डोनेशन आमतौर पर बिल्कुल सुरक्षित और फायदेमंद प्रक्रिया है, पर रक्तदान करने वालों कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
- रक्तदान के बीच निर्धारित अंतराल रखें। एक से दूसरे डोनेशन के बाद 3-4 महीने का गैप जरूर होना चाहिए।
- आयरन से भरपूर चीजें जैसे दालें, हरी पत्तेदार सब्जियां, बीन्स और मांसाहारी खाद्य पदार्थ जरूर खाएं।
- डाइट में विटामिन सी वाले खाद्य पदार्थों को भी शामिल करें, इससे आयरन के अवशोषण में मदद मिलती है।
- अगर आपको ब्लज डोनेट करने के बाद लगातार कमजोरी या थकान होती रहता है तो डॉक्टर से सलाह लें और जांच कराएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
