फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

हिंदी दिवस 2024: हिंदी दिवस मनाने के लिए दो अलग-अलग तारीख क्यों? जानें इतिहास, महत्व और इस साल की थीम

Sat, 14 Sep 2024 10:04 AM IST
शिवानी अवस्थी लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवानी अवस्थी Updated Sat, 14 Sep 2024 10:04 AM IST
सार

अक्सर लोग इस बात को लेकर असमंजस में होते हैं कि हिंदी दिवस कब मनाया जाता है। इस असमंजस का कारण है कि हिंदी दिवस से जुड़ी दो महत्वपूर्ण तिथियां हैं, 10 जनवरी और 14 सितंबर। आइए जानते हैं इन दोनों तिथियों के बीच का अंतर और भारत में हिंदी दिवस कब मनाया जाता है।

विज्ञापन
Hindi Diwas 2024 Why and When Hindi Diwas Celebrated 14 September History And Significance
Hindi Diwas 2024, हिंदी दिवस - फोटो : एएनआई

हिंदी दिवस 2024: भारत में अनेक भाषाएँ बोली जाती हैं, जो देश की सांस्कृतिक धरोहर को समृद्ध करती हैं। हर राज्य की अपनी राजभाषा और लिपि है, लेकिन हिंदी वह भाषा है जो देश के आधे से ज्यादा हिस्से को आपस में जोड़ती है। हिंदी अधिकतर भारतीयों की मातृभाषा है और यद्यपि इसे राष्ट्रभाषा का आधिकारिक दर्जा नहीं मिला है, लेकिन हिंदी को संविधान में राजभाषा के रूप में मान्यता दी गई है। हिंदी की व्यापकता और इसकी उपयोगिता को बनाए रखने के लिए सरकारी दफ्तरों में कामकाज अधिकतर हिंदी में ही होता है।



हालांकि, समय के साथ अंग्रेजी का प्रयोग बढ़ा है, लेकिन हिंदी के प्रचार-प्रसार और इसके महत्व को बनाए रखने के लिए हर साल हिंदी दिवस मनाया जाता है। हिंदी दिवस का उद्देश्य न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी कड़ी में हिंदी दिवस को विशेष रूप से मनाया जाता है, लेकिन अक्सर लोग इस बात को लेकर असमंजस में होते हैं कि हिंदी दिवस कब मनाया जाता है। इस असमंजस का कारण है कि हिंदी दिवस से जुड़ी दो महत्वपूर्ण तिथियां हैं, 10 जनवरी और 14 सितंबर। आइए जानते हैं इन दोनों तिथियों के बीच का अंतर और भारत में हिंदी दिवस कब मनाया जाता है।

Hindi Diwas 2024 Why and When Hindi Diwas Celebrated 14 September History And Significance
हिंदी दिवस 2024 - फोटो : amar ujala

10 जनवरी और 14 सितंबर के हिंदी दिवस में अंतर

बहुत से लोगों के बीच यह भ्रम है कि 10 जनवरी और 14 सितंबर, दोनों ही हिंदी दिवस के रूप में मनाए जाते हैं। सच यह है कि 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस और 14 सितंबर को राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया जाता है। दोनों का उद्देश्य हिंदी का प्रचार-प्रसार करना है, लेकिन इनके बीच एक ऐतिहासिक अंतर है।

राष्ट्रीय हिंदी दिवस की शुरुआत इसलिए हुई क्योंकि इसी दिन हिंदी को भारत की आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया गया था। वहीं, विश्व हिंदी दिवस का उद्देश्य हिंदी को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बढ़ावा देना और उसे वैश्विक पहचान दिलाना है।

Hindi Diwas 2024 Why and When Hindi Diwas Celebrated 14 September History And Significance
हिंदी दिवस के शुभकामना संदेश - फोटो : amar ujala

10 जनवरी: विश्व हिंदी दिवस का इतिहास

हर साल 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाया जाता है। यह दिन हिंदी के अंतर्राष्ट्रीय प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित है। पहला विश्व हिंदी सम्मेलन 10 जनवरी 1975 को नागपुर, महाराष्ट्र में आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन में 30 देशों के 122 प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। इस महत्वपूर्ण घटना के बाद, 10 जनवरी को हर साल विश्व हिंदी दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।

विशेष रूप से, नॉर्वे स्थित भारतीय दूतावास ने पहली बार विश्व हिंदी दिवस मनाया। इसके बाद, अन्य देशों में भी इस दिन का आयोजन शुरू हुआ, जिसका उद्देश्य हिंदी को वैश्विक भाषा के रूप में प्रतिष्ठित करना है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Hindi Diwas 2024 Why and When Hindi Diwas Celebrated 14 September History And Significance
14 सितंबर: राष्ट्रीय हिंदी दिवस का इतिहास - फोटो : Istock

14 सितंबर: राष्ट्रीय हिंदी दिवस का इतिहास

राष्ट्रीय हिंदी दिवस की शुरुआत आजादी के बाद हुई। 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी हिंदी को भारत की आधिकारिक भाषा के रूप में मान्यता दी। इसके बाद, भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की सरकार ने इस दिन को हिंदी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। औपचारिक रूप से, 14 सितंबर 1953 से राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया जाने लगा।

विज्ञापन
Hindi Diwas 2024 Why and When Hindi Diwas Celebrated 14 September History And Significance
भारत में हिंदी दिवस कब मनाया जाता है? - फोटो : amar ujala

भारत में हिंदी दिवस कब मनाया जाता है?

भारत में हर साल 14 सितंबर को राष्ट्रीय हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन हिंदी के महत्व को उजागर करने के लिए कई समारोह और कार्यक्रम आयोजित होते हैं। सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में हिंदी से संबंधित प्रतियोगिताएं, सेमिनार और व्याख्यान होते हैं। साथ ही, हिंदी के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वालों को राष्ट्रभाषा कीर्ति पुरस्कार और राष्ट्रभाषा गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।

हिंदी दिवस केवल एक अवसर नहीं है, यह हिंदी भाषा के प्रति हमारी जिम्मेदारी और कर्तव्य का प्रतीक है, जिससे हिंदी भाषा का सम्मान और उसकी उपयोगिता बढ़ाई जा सके।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें  लाइफ़ स्टाइल से संबंधित समाचार (Lifestyle News in Hindi), लाइफ़स्टाइल जगत (Lifestyle section) की अन्य खबरें जैसे हेल्थ एंड फिटनेस न्यूज़ (Health  and fitness news), लाइव फैशन न्यूज़, (live fashion news) लेटेस्ट फूड न्यूज़ इन हिंदी, (latest food news) रिलेशनशिप न्यूज़ (relationship news in Hindi) और यात्रा (travel news in Hindi)  आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़ (Hindi News)।  

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed