आज तक आपने दक्षिण भारत के मैसूर राजघराने की बात पढ़ी-सुनी होगी, लेकिन मैसूर के राजघराने से मशहूर हुई मिठाई 'मैसूर पाक' के बारे में शायद ही आप जानते हों। मैसूर पाक दक्षिण भारत में खासकर कर्नाटक में बनाई जाने वाली सबसे प्रसिद्ध मिठाई है। यह सबसे पहले मैसूर पैलेस में बनाई गई थी, जो वहां के राजसी लोगों को परोसी जाती थी। तब से यह एक राजसी मिठाई के रूप में 'मैसूर पाक' के नाम से मशहूर हो गई, जो आज पूरे भारत में बनाई जाती है। लेकिन कर्नाटक की इस खास मिठाई के लिए 'जी आई' टैग तमिलनाडु को मिल गया है। आइए जानते हैं मैसूर पाक के इतिहास के बारे में...
जानिए कर्नाटक के मैसूर पाक का इतिहास और बनाने की विधि
ऐसे अस्तित्व में आया मैसूर पाक
कहते हैं कि मैसूर घराने के राजा कृष्ण राज के लिए उनके शाही बावर्ची मडप्पा ने दोपहर के भोजन की सारी तैयारी राजशाही तरीके से कर ली थी, लेकिन राजा के समक्ष जो थाली प्रस्तुत की गई उसमें एक जगह मिठाई के लिए खाली रह गयी थी। राजा के भोजन समाप्त करने से पहले ही मडप्पा ने बेसन और चीनी के घोल से झटपट एक मिश्रण तैयार किया और संकोच के साथ राजा के सामने प्रस्तुत कर दिया। जब राजा ने इसका स्वाद चखा तो उन्हें इसका स्वाद बहुत पसंद आया, क्योंकि ये इतना नरम था कि मुंह में जाते ही घुल गया। राजा ने मडप्पा से इस मिठाई का नाम पूछा। चूंकि मडप्पा ने पहले कभी ये मिठाई नहीं बनाई थी और कन्नड़ में मिठाई को पाक कहा जाता है। इसलिए मडप्पा ने जल्दबाजी में इसका नाम 'मैसूर पाक' रख दिया। मैसूर के राजा को मैसूर पाक इतना पसंद आया कि उन्होंने महल के बाहर दुकान स्थापित करवाने का फैसला किया, जिससे कि आम लोग भी इसका स्वाद चख सकें। आइए जानते हैं मैसूर पाक बनाने की विधि...
मैसूर पाक बनाने की विधि
राजशाही घराने की राजशाही मिठाई मैसूर पाक बनाने का तरीका काफी आसान है। बेसन, देसी घी और चीनी से तैयार होने वाली इस मिठाई का आप विशेष अवसर और त्यौहारों पर आनंद ले सकते हैं। इसे बनाने के लिए घी, मक्खन और बेसन का प्रयोग किया जाता है। यह खाने में इतनी मुलायम होती है कि मुंह में रखते ही घुल जाती है।
मैसूर पाक बनाने के लिए आपको चाहिए
एक कप बेसन
एक कप चीनी
ढाई कप घी
एक कप पानी
आधा चम्मच इलायची पाउडर
बेसन को धीमी आंच पर भून लें। अब आधे घी को एक पैन में डाल कर, उसमें चीनी और एक कप पानी डाल कर तब तक पकाएं, जब तक इसका गाढ़ा घोल न बन जाए। अब इसमें भूना हुआ बेसन मिला कर थोड़ी देर तक पकाएं, फिर इसमें बचा हुआ घी डाल कर धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक यह हल्का भूरा न हो जाए। अब इसमें इलायची पाउडर डाल कर इस मिश्रण को एक थाली में सेट कर लें। चाकू से छोटे-छोटे टुकड़े काटें और स्वाद लेकर खाएं।