पंजाबी आलू पनीर के कुलचे बेहद स्वादिष्ट होते हैं। ये कुलचे दिल्ली में सबसे ज्यादा मशहूर हैं। स्ट्रीटफूड के तौर पर दिल्लीवालों को कुलचे बेहद पसंद है। इन्हें कई सारी वैराइटी के साथ बनाया जाता है। आलू कुलचे से लेकर मटर कुलचा, पनीर कुलचा काफी ज्यादा लोग खाते हैं। अगर आप भी इन कुलचों का स्वाद लेना चाहते हैं तो इन्हें घर में बनाकर ट्राई कर सकते हैं। तो चलिए जानें क्या है आलू-पनीर कुलचा को बनाने की रेसिपी।
Recipe: दिल्ली वाले आलू पनीर कुलचों का लेना है स्वाद तो घर में इस तरह बनाकर करें तैयार
मैदा डेढ सौ ग्राम, दही तीन चम्मच, बेकिंग सोडा एक चुटकी, तेल दो चम्मच
स्टफिंग के लिए
उबले आलू तीन से चार, एक कटोरी पनीर, हरी मिर्च बारीक कटी हुई, जीरा पाउडर आधा चम्मच, दो कटे प्याज, गरम मसाला आधा चम्मच, खड़ी धनिया दो चम्मच, अनारदाना एक चम्मच, अमचूर पाउडर आधा चम्मच, पुदीना के पत्ते, नमक स्वादानुसार।
आलू पनीर कुलचा बनाने के लिए पहले मैदा को किसी बर्तन में लें। फिर इसमे थोड़ा सा तेल डालें। साथ में एक चुटकी बेकिंग सोडा और नमक डालकर मिक्स कर लें। फिर पानी की सहायता से इसे गूंथ लें। ध्यान रहे कि आटा बेहद नरम रहे। मैदे को गूंथकर ढंककर रख दें।
किसी बड़े बाउल में उबले आलू को लें। इसे मैश कर लें। साथ में पनीर के टुकड़े डालें। बारीक कटा प्याज, पुदीना के पत्ते और सूखे मसाले डालें। इसमे जीरा पाउडर, अनारदाना, अमचूर, खड़ी धनिया, गरम मसाला और बारीक कटी हरी मिर्च को भी अच्छे से मिक्स कर लें। सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अब आटे को लेकर इसको एक बार और अच्छी तरह से गूंथ लें।
आटे की बड़ी सी लोई लेकर इसे पतला बेल लें। इसे बेलकर इस पर तेल लगा दें। और ऊपर से सूखा मैदा छिड़क कर रोटी को रोल कर दें। इसे आधे घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। आधे घंटे बाद फ्रिज से निकालकर इनकी लोईयां तैयार कर लें। इन लोईयों को चपटाकर इसमे पनीर और आलू का भरावन भर दें। फिर इसे अच्छे से फैला दें। तवा गर्म करें। तवे पर डालकर कुलचे के एक तरफ पानी लगा दें। अब दोनों तरफ से सुनहरा सेंक लें। गर्मागर्म सर्व करें।