मार्च का महीना आते ही जहां गर्मियों की शुरुआत हो जाती है, तो वहीं रंगों की खूशबू भी चारों तरफ से आने लगती है क्योंकि इस महीने में रंगों का त्योहार होली मनाया जाता है। इस दिन लोग सारे गम भूलाकर एक-दूसरे को रंग लगाते हैं, और सबके साथ मिलकर खुशियां मनाते हैं। लेकिन होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि इस दिन लोग कई तरह के लजीज पकवान भी बनाते हैं। इसी कड़ी में हम आपको इस बार आलू की जलेबी और पान गुजिया के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें बनाकर आप अपने इस त्योहार में खुशियां भर सकते हैं।
Happy Holi 2021: होली पर बना सकते हैं आलू की जलेबी और पान गुजिया, रंगों के साथ होगी मिठास
आलू जलेबी
- सबसे पहले आपको बताते हैं आलू की जलेबी बनाने के बारे में। ये एक ऐसी डिश है, जिसे खाकर हर कोई बनाने वाले की जमकर तारीफ जरूर करेगा। इसके लिए आपको चाहिए तीन से चार आलू, अरारोट, एक छोटा चम्मच केसर, एक कप दही, एक कप चीनी, एक बड़ा चम्मच गुलाब जल, चार से पांच छोटी इलायची और एक बड़ा चम्मच घी। इन सब चीजों की मदद से ही आपकी स्वादिष्ट आलू की जलेबी तैयार हो पाएगी।
अब जान लेते हैं कि इसे बनाना कैसे है। इसके लिए सबसे पहले आपको केसर और इलायची को मिलाकर अलग रख लेना है। इसके बाद आलू को छीलकर अच्छे से मैश कर लें और इसमें दही और अरारोट मिला लें। अब इन सबको एक साथ अच्छे से मिला लें और जलेबी के घोल की तरह तैयार कर लें। इसके बाद शक्कर की अच्छे से चाशनी बना लें और इसको रख दें। इसके बाद एक बर्तन में घी को गर्म करें, और इसमें तैयार किए हुए घोल से जलेबियां बना लें। इसके बाद आखिर में तैयार की गई चाशनी में जलेबियों को डुबोकर निकाल लें और फिर तैयार है आपकी आलू की जलेबी।
पान गुजिया
- पान गुजिया बनाने के लिए आपको चाहिए एक कप मैदा, दो बड़े चम्मच भुनी हुई सूजी, एक कप भुना हुआ खोया, एक कप पिसी हुई चीनी, दो पान के पत्ते, दो बड़े चम्मच गुलकंद, दो बड़े चम्मच खोपरे का बूरा, दो बड़े चम्मच पेठाचेरी, दो बड़े चम्मच गुलाबकतरी, एक छोटा चम्मच माठा पान मसाला, एक छोटा चम्मच सौंफ, घी और बादाम।
अब जान लेते हैं कि आपको पान गुजिया बनानी कैसे है। इसके लिए सबसे पहले आपको घी को पिघालकर उसे आटे में डालना है और उसे अच्छे से गूंथ लेना है। इसके बाद इसे गीले कपड़े से 15 मिनट तक ढककर रख दें। पान के पत्ते को मिक्सी में पीस लें, ताकि वो दरदरा हो जाए। वहीं, बची हुई सामग्री को मिला लें और फिर भरावन तैयार कर लें। इसके बाद मैदे की लोई बना लें और इसमें भरावन डालकर इसे गुजिया आकार दे दें। इसके बाद एक बर्तन में घी को गर्म करें और इन्हें गुलाबी होने तक तल लें। इसके बाद तैयार है आपकी पान गुजिया।