Eid 2024 Sewai Recipe in Hindi: ईद-उल-फितर 11 अप्रैल 2024 को मनाई जा रही है। यह इस्लाम धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है और कोई भी त्योहार बिना पकवानों के अधूरा है। ईद के मौके पर दोस्त, करीबी और रिश्तेदार एक दूसरे के घर जाते हैं। ईद की मुबारकबाद देते हैं। ऐसे में मेहमानों के लिए ईद पर कई तरह के व्यंजन पकाए जाते हैं। वैसे तो ईद पर लजीज पकवानों की भरमार होती है लेकिन एक ऐसा व्यंजन है, जो पारंपरिक तौर पर ईद के मौके पर हर जगह बनता है। यह पकवान सेवई हैं, जिसके बिना ईद अधूरी है और इस पर्व का जिक्र होते ही सबसे पहले सेवई का स्वाद मुंह में आने लगता है।
Eid 2024 Sewai Recipe: ईद की सेवई बनेगी सबसे अलग और स्वादिष्ट, अपनाएं ये आसान रेसिपी
इस बार ईद के मौके पर घर पर किमामी सेवई बना रहे हैं तो इस लेख में दी जा रही है विधि से सेवई के स्वाद को और अधिक बढ़ा सकते हैं।
ईद की सेवई बनाने के लिए सामग्री
- 300 ग्राम सेवई बनारसी
- 200 ग्राम खोया
- 2 बड़े चम्मच घी
- 2 से 3 बड़े चम्मच बादाम
- 2 से 3 बड़े चम्मच काजू
- 2 से 3 बड़े चम्मच किशमिश
- 2 से 3 बड़े चम्मच नारियल
- 3 कप पानी
- 2 कप चीनी
- एक छोटा चम्मच इलायची
- 1 छोटा चम्मच केवड़ा
- खाने वाला रंग
सेवई बनाने की विधि
स्टेप 1- सबसे पहले एक पैन में तीन कप पानी डालें।
स्टेप 2- इसमें दो कप चीनी और एक छोटा चम्मच इलायची पाउडर, एक छोटा चम्मच केवड़ा और खाने वाला रंग डालकर पकाएं।
स्टेप 3- इसे तब तक चलाते रहें, जब तक चीनी पूरी तरह से घुल न जाएं। हालांकि ध्यान रखें कि इस मिश्रण की चाशनी नहीं बनानी है।
स्टेप 4- तब तक दूसरे पैन में दो चम्मच घी डालकर उसमें बादाम, काजू, किशमिश और नारियल अच्छे से भून लें। फिर इसे अलग बर्तन में निकाल कर रख लें।
स्टेप 5- इसी पैन में आधा कप घी डालकर गर्म करें और फिर सेवई डालकर फ्राई कर लें।
स्टेप 6- सेवई को तब तक चलाते रहें जब तक इसका रंग हल्का सुनहरा न हो जाए।
स्टेप 7- इस भुनी हुई सेवई में चाशनी डालकर ऊपर से ड्राई फ्रूट्स और खोया को कद्दूकस करके मिलाएं।
स्टेप 8- दो से तीन मिनट के लिए सेवई को ढककर पकाएं। फिर गैस बंद कर दें। 10 मिनट में सेवई चाशनी को सोख लेगी। अब सेवई सर्व करने के लिए तैयार है।