आमतौर पर भारतीय घरों में गेहूं की रोटी का सेवन बहुतायत में किया जाता है। कुछ ख़ास मौक़ों पर बाजरे की रोटी भी बनाई जाती है। राजस्थान में बाजरे का खीच बेहद प्रसिद्ध है और बड़े चाव से खाया जाता है। लेकिन बच्चे बाजरे को देखकर नाक-मुंह सिकोड़ते हैं। लेकिन यदि आप बाजरे के साथ ये नए प्रयोग करेंगे तो बेशक उन्हें ये प्रयोग पसंद आएंगे। अगली स्लाइड में जानिए बाजरे के कटलेट, बाजरे के मालपुए और बाजरा खाने के फ़ायदों के बारे में-
सर्दियों में इस तरह से बनाएं बाजरे के कटलेट, बच्चों को आएंगे खूब पसंद
बाजरे के कटलेट
सामग्री : 250 ग्राम बाजरे का आटा, 4 मध्यम आकार के उबले आलू, 1 छोटी कटोरी मटर के उबले दाने, 1 छोटा चम्मच हरी मिर्च व अदरक का पेस्ट, 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया, 1 बड़ा चम्मच तिल, स्वादानुसार नमक, 3 छोटा चम्मच गरम मसाला, 2 छोटा चम्मच जीरा, आवश्यकतानुसार तेल।
ऐसे बनाएं : बाजरे के आटे में सभी सब्ज़ियां और मसाले डालकर एकसार करें। इसमें नमक व पानी डालकर गूंध लें। तैयार आटे से छोटी-छोटी लोई काटकर कटलेट का आकार दें। गर्म तेल में सुनहरा होने तक प्रत्येक कटलेट तल लें। हरे धनिए की चटनी के साथ गर्मा-गर्म कटलेट सर्व करें।
बाजरे के मालपुए
सामग्री: 250 ग्राम बाजरे का आटा, 100 ग्राम मावा, 150 ग्राम गुड़, 1 छोटी कटोरी सफ़ेद तिल, 1 बड़ा चम्मच नारियल बूरा, आवश्यकतानुसार घी, २ चम्मच इलायची पाउडर
ऐसे बनाएं: गुड़ को कीसकर 1 कप पानी में घोल लें। एक बोल में मावा, नारियल बूरा, बाजरे का आटा, इलायची पाउडर और गुड़ का घोल डालकर एकसार करें। तैयार आटे को हाथ से अच्छी तरह मसलें, जिससे वह नरम हो जाए। आटे से छोटी-छोटी लोइयां बना लें। हथेली पर हल्का-सा तेल चुपड़कर आटे की एक लोई चपटी करें। इसी तरह सभी लोइयों को मालपुओं का आकार दें। तैयार मालपुओं पर तिल चिपकाकर गर्म तेल में सुनहरा होने तक तल लें।
बाजरे के फ़ायदे
-बाजरा ऊर्जा का एक अच्छा स्त्रोत है। साथ ही वज़न घटाने के में भी यह फ़ायदेमंद होता है, क्योंकि बाजरा खाने के बाद लम्बे समय तक भूख नहीं लगती है।
-बाजरा पाचन क्रिया को भी ठीक रखता है। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर्स पाए जाते हैं जो पाचन क्रिया को सही रखते हैं।
-जिन्हें डायबिटीज़ है, उन्हें अपने भोजन में बाजरा शामिल करना चाहिए।
-बाजरा कोलस्ट्रॉल स्तर को नियंत्रित रखने में मददगार होता है। इस कारण दिल से जुड़ी बीमारियों का ख़तरा कम हो जाता है। साथ ही बाजरा मैग्नीशियम और पोटेशियम का भी अच्छा स्रोत है।