दिवाली रेसिपी: सिर्फ कुछ चीजों से घर पर बनाएं स्पंजी रसमलाई, जानें आसान रेसिपी
Rasmalai Recipe: दिवाली की पार्टी हो या घर पर आने वाले मेहमान, ठंडी-ठंडी रसमलाई हर किसी का दिल जीत लेगी। इस बार त्योहार पर बाजार की मिठाइयों के बजाय घर पर बनी ताजा रसमलाई से अपनों का मुंह मीठा कराएं।
विस्तार
दिवाली का त्योहार खुशियों, रोशनी और मिठास का प्रतीक है। इस खास मौके पर हर घर में तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां बनाई जाती हैं। बाजार से मिठाइयां खरीदने के बजाय अगर इस दिवाली आप अपने हाथों से कुछ खास और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो रसमलाई एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। दूध से तैयार होने वाली रसमलाई का स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आता है। इसका मुलायम टेक्सचर, केसर की खुशबू और इलायची का स्वाद इसे दूसरी मिठाइयों से अलग बनाता है।
अक्सर लोगों को लगता है कि घर पर हलवाई जैसी स्वादिष्ट रसमलाई बनाना काफी मुश्किल है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। कुछ आसान सामग्री और सही तरीके से आप अपने घर पर ही बाजार जैसी सॉफ्ट और रसीली रसमलाई तैयार कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको किसी खास मशीन या महंगे सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस दिवाली मेहमानों का मुंह मीठा कराने के लिए घर पर बनी ताजा रसमलाई जरूर बनाएं। आइए जानते हैं रसमलाई बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी और इसकी आसान रेसिपी क्या है।
रसमलाई बनाने के लिए जरूरी सामग्री
रसमलाई बनाने के लिए आपको दो चीजें तैयार करनी होंगी। पहली छेना की टिक्की और दूसरी स्वादिष्ट दूध की रबड़ी।
छेना बनाने के लिए सामग्री
-
1 लीटर फुल क्रीम दूध
-
2 बड़े चम्मच नींबू का रस
-
1 कप चीनी
-
4 कप पानी
रबड़ी बनाने के लिए सामग्री
-
1 लीटर फुल क्रीम दूध
-
आधा कप चीनी
-
5-6 केसर के धागे
-
आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
-
कटे हुए बादाम और पिस्ता
घर पर रसमलाई बनाने की आसान विधि
स्टेप 1- सबसे पहले एक बर्तन में एक लीटर दूध गर्म करें।
स्टेप 2- दूध में उबाल आने पर गैस धीमी कर दें और थोड़ा-थोड़ा नींबू का रस डालते हुए चलाएं।
स्टेप 3- जब दूध फटकर छेना और पानी अलग हो जाए, तो गैस बंद कर दें।
स्टेप 4- अब छेना को साफ सूती कपड़े में छानकर ठंडे पानी से धो लें, ताकि नींबू का खट्टापन निकल जाए।
स्टेप 5- इसके बाद कपड़े को बांधकर अतिरिक्त पानी निकाल दें।
स्टेप 6- छेना को एक प्लेट में निकालकर हथेलियों से अच्छी तरह मसलें।
स्टेप 7- जब छेना चिकना हो जाए, तो इसकी छोटी-छोटी गोल टिक्कियां बना लें।
स्टेप 8- अब एक बड़े बर्तन में पानी और चीनी डालकर चाशनी तैयार करें।
स्टेप 9- चाशनी में छेना की टिक्कियां डालें और लगभग 12-15 मिनट तक पकाएं। टिक्कियां फूलकर बड़ी और मुलायम हो जाएंगी।
रसमलाई के लिए तैयार करें स्वादिष्ट रबड़ी
स्टेप 1- अब दूसरे बर्तन में एक लीटर दूध गर्म करें।
स्टेप 2- इसे धीमी आंच पर पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें। जब दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो इसमें चीनी, केसर और इलायची पाउडर डाल दें।
स्टेप 3- अब तैयार छेना की टिक्कियों को हल्के हाथों से दबाकर अतिरिक्त चाशनी निकाल दें। इन्हें तैयार रबड़ी में डाल दें। ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता डालकर अच्छी तरह सजाएं।
रसमलाई को कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि इसका स्वाद और भी बढ़ जाए।
दिवाली पर मेहमानों को खिलाएं घर की बनी रसमलाई
इस आसान रेसिपी की मदद से आप घर पर ही हलवाई जैसी स्वादिष्ट रसमलाई बना सकते हैं। दिवाली की पार्टी हो या घर पर आने वाले मेहमान, ठंडी-ठंडी रसमलाई हर किसी का दिल जीत लेगी। इस बार त्योहार पर बाजार की मिठाइयों के बजाय घर पर बनी ताजा रसमलाई से अपनों का मुंह मीठा कराएं।