हम सभी बचपन से एक कहावत सुनते आ रहे हैं, 'एन एप्पल ए डे कीप्स डॉक्टर अवे' यानी कि रोजाना एक सेब खाने वाले लोगों को डॉक्टर के पास जाने की जरूरत नहीं होती है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि इस कहावत में अब सेब के साथ अंडों को शामिल करने का भी समय आ गया है। रोजाना एक अंडा खाना आपको कई तरह की बीमारियों से सुरक्षित रखने में सहायक हो सकता है। अंडे का सेवन वर्षों से स्वस्थ और पौष्टिक आहार के रूप में किया जाता रहा है, पर यह हमें किस तरह से कई सारी गंभीर बीमारियों के खतरे से सुरक्षित रख सकता है, आइए इस बारे में जानते हैं।
World Egg Day: तमाम बीमारियों से सुरक्षित रहने के लिए रोज खाएं अंडा, अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन का सुझाव
प्रोटीन से भरपूर होता है अंडा
शरीर में मांसपेशियों के निर्माण और उन्हें स्वस्थ बनाए रखने के लिए प्रोटीन वाले आहार का सेवन करना सबसे आवश्यक माना जाता है। अंडे प्रोटीन का अच्छा स्रोत होते हैं, इससे प्रोटीन के दैनिक आवश्यकताओं की आसानी से पूर्ति की जा सकती है। शरीर की कोशिकाओं, हड्डियों और मांसपेशियों के रखरखाव के लिए अंडे का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है। अंडे का सेवन शरीर को ऊर्जा देता है।
हृदय को स्वस्थ रखता है अंडा
लोगों में आम धारणा है कि अंडा खाने से शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर में वृद्धि हो सकती है, हालांकि अध्ययनों में इसके विपरीत पाया गया है कि अंडे का सेवन गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मदद करता है। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन का कहना है कि हर दिन एक अंडा खाने से हृदय को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है, साथ ही यह तमाम प्रकार के हृदय रोगों के जोखिम को कम कर सकता है।
आंखों के लिए फायदेमंद है अंडा खाना
आंखों को ईश्वर का सबसे खूबसूरत वरदान माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक रोजाना एक अंडे का सेवन करके आप आंखों को स्वस्थ रख सकते हैं। अंडे में ल्यूटिन और ज़ेक्सैन्थिन पाया जाता है जो आंखों के लिए स्वस्थ एंटीऑक्सीडेंट हैं। अंडे का सेवन करने वाले लोगों में आंखों की रोशनी कम होने या अन्य बीमारियों की जटिलता का खतरा भी कम होता है।
अंडे खाने के अन्य स्वास्थ्य लाभ
अध्ययनों से पता चलता है कि अंडे खाने से मेटाबॉलिज्म में सुधार हो सकता है जो वजन को नियंत्रित बनाए रखने में सहायक है। इसके अलावा अंडा खाना, सेलुलर हेल्थ को बनाए रखने में भी मदद करता है। अंडों को कोलीन का अच्छा स्रोत माना जाता हैं, यह पोषक तत्व शरीर के सेलुलर हेल्थ के लिए महत्वपूर्ण होता है। कोशिकाओं के रखरखाव और डीएनए संश्लेषण को बढ़ाने के अलावा, कोलीन मेटाबॉलिज्म में सुधार करने में भी मदद कर सकता है
------------------
नोट: यह लेख तमाम मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला के हेल्थ एंड फिटनेस कैटेगिरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर और विशेषज्ञों,व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं. लेख में उल्लेखित तथ्यों और सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा परखा व जांचा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठकों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और ना ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें।