शरीर को स्वस्थ रखने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ खानपान और लाइफस्टाइल को ठीक रखने के साथ शुगर और ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल में रखने की सलाह देते हैं। ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर का बढ़ना सेहत के लिए कई तरह की समस्याएं बढ़ाने वाला हो सकता है। शुगर बढ़ने के आपकी आंखों और तंत्रिकाओं पर असर पड़ता है, वहीं हाई ब्लड प्रेशर की समस्या आपके दिल की सेहत से लेकर किडनी तक के लिए खतरा बढ़ाने वाली हो सकती है।
सेहत की बात: हाई कोलेस्ट्रॉल के शुरुआत में नहीं दिखते लक्षण, फिर कैसे पहचानें खतरा? 30 के हो गए हैं तो सावधान
High Cholesterol Risk: 30 की उम्र के बाद बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने के पीछे खराब खानपान, एक्सरसाइज की कमी, जेनेटिक कारण और दूसरी बीमारियां जिम्मेदार हो सकती हैं। हाई कोलेस्ट्रॉल के शुरुआत में लक्षण नहीं दिखते, इसलिए समय पर लिपिड प्रोफाइल टेस्ट, संतुलित डाइट और नियमित व्यायाम जरूरी है।
कम उम्र वालों में हाई कोलेस्ट्रॉल का बढ़ता खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, लाइफस्टाइल, खानपान और शारीरिक गतिविधियों में कमी जैसी कई स्थितियां हैं जिसके कारण आपको हाई कोलेस्ट्रॉल का खतरा हो सकता है। ऑफिस में घंटों एक जगह बैठे रहना, बाहर का खाना, देर रात तक जागना और एक्सरसाइज न करना, ये सभी आदतें मिलकर शरीर के मेटाबॉलिज्म को प्रभावित कर सकती हैं।
- इसके अलावा जेनेटिक कारण, थायरॉइड और डायबिटीज जैसी बीमारियां भी कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
- चिंता की बात यह है कि हाई कोलेस्ट्रॉल के आमतौर पर कोई स्पष्ट लक्षण नहीं होते। ऐसे में आप खुद को स्वस्थ समझते रहते हैं, जबकि उसकी धमनियों में धीरे-धीरे फैट जमा होता रहता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, 30 की उम्र के बाद शुगर-बीपी और कोलेस्ट्रॉल के कारण होने वाली दिक्कतें काफी बढ़ जाती हैं, यही कारण है कि इस उम्र के बाद कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराते रहना जरूरी हो जाता है।
कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की वजह क्या है?
लाइफस्टाइल-खानपान के अलावा कुछ प्रकार की बीमारियां भी आपमें कोलेस्ट्रॉल के खतरे को बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
- लंबे समय तक बैठकर काम करने और एक्सरसाइज न करने से शरीर में फैट का मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है। इससे बैड कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड बढ़ सकते हैं।
- ज्यादा तला-भुना खाना, बेकरी प्रोडक्ट, ट्रांस फैट, घी-मक्खन का अधिक सेवन भी एलडीएल बढ़ा सकता है।
- परिवार में अगर पहले से किसी को हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या रही है तो आपको भी कम उम्र में भी कोलेस्ट्रॉल की समस्या हो सकती है।
- डायबिटीज, हाइपोथायरॉइडिज्म और किडनी की कुछ बीमारियां भी कोलेस्ट्रॉल के स्तर को प्रभावित करती हैं।
इसके खतरे को कैसे कम करें?
अमेरिकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी और अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की साल 2026 की गाइडलाइन के अनुसार वयस्कों में 19 साल की उम्र से लिपिड प्रोफाइल की नियमित जांच जरूर करानी चाहिए। इसके अलावा लाइफस्टाइल और खानपान में सुधार करना भी कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रखने के लिए जरूरी होता है।
- रोजाना कम से कम 30 मिनट तेज चलने या दूसरी शारीरिक गतिविधि की आदत डालें।
- डाइट में ओट्स, दालें, फल, सब्जियां और फाइबर शामिल करें।
- ट्रांस फैट और ज्यादा सैचुरेटेड फैट वाले खाद्य पदार्थ कम से कम खाएं।
- धूम्रपान से बचें और वजन नियंत्रित रखें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
