अंशु चौहान
World Diabetes Day 2023: चीनी की जगह करें इन चीजों का सेवन, मिलेगा मिठाइयों का आनंद और नहीं बढ़ेगा डायबिटीज
क्या कहता है चिकित्सा विज्ञान
वैज्ञानिक रूप से कम जीआई यानी ग्लाइसेमिक इंडेक्स और कम जीएल यानी ग्लाइसेमिक लोड वाले मिष्ठानों का चयन करना ही उचित माना गया है। इनको फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों के साथ संतुलन बनाकर और भाग नियंत्रण को ध्यान में रखकर लेना रक्त शर्करा के स्तर को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने में मदद करता है। लो जीआई स्वीट्स जैसे जौ बेस्ड मिठाइयों को प्राथमिकता दें, जिनका जीआई 22 और जीएल 11 या कम हो। दलिया कुकीज, जिनका जीआई 55, जीएल 9-11 और ओटमील कुकीज भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है, जिसका जीआई 55 और जीएल 38 मध्यम श्रेणी में आता है।
क्या खाएं
आप बेसन लड्डू (जिसका जीआई 24 और जीएल 11 होता है) का उपयोग कर सकती हैं। घर पर ही बनाए गए लड्डू भी उच्च प्रोटीन, फाइबर के साथ शुगर को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। आप गुड़ का उपयोग करने वाली मिठाइयां, जैसे कि गुड़, सीड्स और ड्राई फ्रूट्स के बने लड्डू खा सकती हैं। इनमें एंटी-ऑक्सीडेंट्स के साथ और उच्च फाइबर होता है और जीआई भी कम होता है।
नारियल, गोंद, बाजरा जैसे मोटे अनाज की मिठाइयां, जिनमें प्रोटीन, फाइबर, ओमेगा और विभिन्न मिनरल्स होते हैं, भी डायबिटीज में ली जा सकती हैं। इसके अलावा फ्रूट कस्टर्ड भी मिठाई का अच्छा विकल्प है, जिसे ग्लाइसेमिक फ्रूट्स, जैसे कि सेब, अनार, चेरिस को स्किम्ड मिल्क के साथ बनाया जा सकता है। यह डायबिटीज के लिए घर पर बना एक अच्छा और फ्रेश विकल्प है।
खाद्य पदार्थों में चीनी की जगह आप काली किशमिश, शहद, खजूर, अंजीर और ताजे फलों से प्राकृतिक मिठास ला सकती हैं। साथ ही इसे इलायची, दालचीनी और केसर आदि का उपयोग करके और स्वादिष्ट बना सकती हैं।
कुछ बातों का खास ख्याल
आमतौर पर मीठे का सेवन करने से पहले प्रोटीन, फाइबर से भरपूर चीजें खाने के बाद फैट और कार्बोहाइड्रेट से भरपूर चीजों का सेवन करने से शरीर में शुगर के अवशोषित होने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है, जिससे ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मदद मिलती है। ध्यान रहे, मिठाइयों का सेवन सीमित मात्रा में ही करें, क्योंकि मीठे का किसी भी रूप में अधिक सेवन ब्लड शुगर के लेवल को बढ़ा सकता है और सिर्फ घर पर बने पकवानों या मिष्ठानों का सेवन एक स्वस्थ दिनचर्या बनाए रखने में हमेशा कारगार साबित होता है।
मधुमेह में संतुलित स्वस्थ दिनचर्या और निश्चित नाश्ते एवं भोजन का समय बनाए रखना महत्वपूर्ण है। साथ ही दैनिक व्यायाम करने से आप अतिरिक्त कैलोरी, जो मीठे के रूप में ली गई हैं, उसको संतुलन में रखने में विशेष रूप से मदद हो सकती है। व्यक्तिगत स्वास्थ्य आवश्यकताओं के अनुरूप योजना बनाने के लिए हमेशा किसी आहार विशेषज्ञ या स्वास्थ्य देखभाल पेशेवर से परामर्श लेना स्वस्थ्य शैली की ओर बढ़ावा देना है।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।