कैंसर, दुनियाभर में सबसे गंभीर बीमारियों में से एक है। मेडिकल साइंस में प्रगति और कारगर उपचार के चलते अब ये लाइलाज बीमारी तो नहीं रही है, फिर भी अधिकतर लोगों के लिए इसका इलाज अब भी कठिन और महंगा ही है। तमाम प्रकार के कैंसर के कारण हर साल लाखों लोगों की मौत हो जाती है।
World Cancer Day 2024: बिना किसी प्रयास के तेजी से घटा रहा है वजन? सावधान- ये कैंसर का भी हो सकता है संकेत
बिना प्रयास के वजन घटना समस्याकारक
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अचानक कुछ ही महीनों में तेजी से वजन कम होना कई प्रकार के कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकता है। जर्नल ऑफ अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन में प्रकाशित एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि बिना किसी अतिरिक्त प्रयास के जिन लोगों के शरीर के वजन का 10% से अधिक कम हो गया उनमें 12 महीने की अवधि में कैंसर के निदान का जोखिम अधिक देखा गया।
इस प्रकार के प्रति एक लाख लोगों पर लगभग 1,362 की दर से कैंसर विकसित हुआ। यानी कि बिना प्रयास के वजन कम होने की समस्या पर सभी लोगों को गंभीरता से ध्यान देते रहने की जरूरत है।
वजन कम होना और कैंसर का खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वजन कम होने को बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जाता है, पर अगर बिना किसी प्रयास के ही शरीर के वजन में बड़ी गिरावट आ रही है तो कभी-कभी ये कैंसर का संकेत हो सकती है।
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के कैंसर इंस्टीट्यूट में ऑन्कोलॉजिस्ट और अध्ययन के सह-लेखक ब्रायन वोल्पिन कहते हैं, इस बारे में लोगों को बार-बार सचेत किया जाता रहा है कि अस्पष्टीकृत वजन घटने की समस्या के बारे में डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
अध्ययन में क्या पता चला?
हार्वर्ड में करीब 50 साल पहले साल 1986 में शुरू एक अध्ययन में 157,474 प्रतिभागियों को शामिल किया गया। हर दो साल में इनके वजन की जांच की गई। अध्ययन के निष्कर्ष में देखा गया कि जिन प्रतिभागियों का वजन तेजी से कम हुआ उनमें समय के साथ कैंसर विकसित होने का जोखिम अधिक देखा गया। शोधकर्ताओं ने बताया, ये कई प्रकार के कैंसर का प्रमुख संकेतक हो सकता है जिसपर सभी लोगों को गंभीरता से ध्यान देते रहने की जरूरत है।
क्या कहते हैं शोधकर्ता?
अध्ययन के लिखकों में से एक ब्रिघम हॉस्पिटल के डॉक्टर माइकल रोसेंथल कहते हैं, वजन एक ऐसी चीज है जिसे अच्छी तरह से और नियमित अंतराल पर मापा जाना चाहिए। इसकी अधिकता या कमी दोनों ही समस्याकारक हो सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कैंसर बढ़ती बीमारी है जिसके कारण हर साल लाखों मौत हो जाती है, इससे बचाव के लिए लक्षणों पर गंभीरता से ध्यान देना और समय-समय पर डॉक्टरी सलाह से स्क्रीनिंग कराते रहना जरूरी है।
--------------
स्रोत और संदर्भ
Cancer Diagnoses After Recent Weight Loss
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।