लाइफस्टाइल और खानपान की गड़बड़ी ने हमारी पूरी सेहत को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है। यही वजह है कि अब कम उम्र के लोग भी हृदय रोग. डायबिटीज और ब्रेन से संबंधित बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, पिछले एक-दो दशकों में लिवर की बीमारियों के मामले भी काफी बढ़ गए हैं, ये बीमारी बच्चों को भी अपना शिकार बना रही है। फैटी लिवर जैसी समस्या अब काफी आम हो गई हैं।
अलर्ट: लिवर में जमा तो नहीं हो रही है चर्बी? जानिए क्यों बढ़ती जा रही है ये बीमारी, आप भी तो नहीं हैं शिकार
Lean Fatty Liver: फैटी लिवर सिर्फ मोटे लोगों की बीमारी नहीं है। सामान्य वजन वाले लोगों में भी इंसुलिन रेजिस्टेंस, जेनेटिक कारण और खानपान में गड़बड़ी के कारण लिवर में फैट जमा हो सकता है। सही डाइट, नियमित एक्सरसाइज और मेटाबॉलिक जांच से इसके खतरे को कम किया जा सकता है।
लीन फैटी लिवर की समस्या
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, लीन फैटी लिवर एक गंभीर विषय है, जिसपर अक्सर लोगों का ध्यान नहीं जाता है। यही कारण है दुबले-पतले लोग अक्सर आपने लिवर को स्वस्थ मानते रहते हैं। पर भले ही आपका बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) नॉर्मल है, फिर भी आपके लिवर में जरूरत से ज्यादा फैट जमा होने का खतरा हो सकता है।
- स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इंसुलिन रेजिस्टेंस, जेनेटिक कारण, खराब खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी लीन फैटी लिवर का जोखिम बढ़ाने वाले हो सकते हैं।
- कई बार आप बाहर से फिट दिखाई देते हैं, लेकिन उसके शरीर में मेटाबॉलिक गड़बड़ी चल रही होती है।
बिना मोटापे के फैटी लिवर की समस्या क्यों होती है?
अधिक वजन और मोटापे के शिकार लोगों में फैटी लिवर की समस्या ज्यादा देखी जाती रही है पर कुछ स्थितियां पतले लोगों में भी इस बीमारी का खतरा बढ़ाने वाली हो सकती हैं। जब शरीर की कोशिकाएं इंसुलिन हार्मोन का सही इस्तेमाल नहीं कर पातीं तो खून में शुगर और फैट का संतुलन बिगड़ सकता है। इसे इंसुलिन रेजिस्टेंस कहा जाता है, इससे भी लिवर में फैट जमा होने का खतरा बढ़ता है।
- कुछ लोगों में आनुवंशिक बदलाव के कारण लिवर में फैट जमा होने की आशंका अधिक होती है। इसलिए सामान्य वजन होने पर भी बीमारी हो सकती है।
- भले ही आप दुबला-पतला दिखाई देते हैं, लेकिन पेट के अंदरूनी अंगों के आसपास विसरल फैट जमा हो सकता है। यह मेटाबॉलिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है।
- ज्यादा मीठे पेय, फ्रुक्टोज, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड का सेवन भी जोखिम बढ़ा सकता है।
फैटी लिवर की समस्या को कैसे पहचानें?
फैटी लिवर में ज्यादातर लोगों को शुरुआती दौर में लक्षण नहीं दिखते। हालांकि इसके कारण थकान और पेट के दाहिने ऊपरी हिस्से में असहजता की दिक्कत हो सकती है। अमेरिकन गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिकल एसोसिएशन के अनुसार एशियाई मूल के सामान्य वजन वाले लोगों में बीएमआई 23 से कम होने पर भी फैटी लिवर हो सकता है। फैटी लिवर के खतरे को कम करने और समय पर पहचान के लिए।
- डॉक्टर की सलाह से लिवर फंक्शन टेस्ट और अल्ट्रासाउंड कराएं।
- डायबिटीज, ट्राइग्लिसराइड और कोलेस्ट्रॉल की जांच कराएं और इसे कंट्रोल में रखने के उपाय करें।
- रोजाना नियमित वॉक और एक्सरसाइज करें। मीठे पेय और ज्यादा प्रोसेस्ड फूड से बचें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
