बालों की समस्या काफी तेजी से लगभग हर उम्र के लोगों में बढ़ती हुई देखी जा रही है। बालों के टूटने-झड़ने से लेकर इसके समय से पहले सफेद होने की दिक्कतें काफी सामान्य हैं, पर क्या आप इसकी वजह जानते हैं? स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, प्रदूषण, आहार में गड़बड़ी और तनाव जैसी स्थितियां बालों को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर रही हैं।
जानना जरूरी: कम उम्र में ही क्यों सफेद होने लग जाते हैं बाल? आइए जानते हैं इसकी असली वजह
बालों के रंग के पीछे का साइंस समझिए
आपके बालों के रोम में वर्णक यानी रंगों का उत्पादन करने वाली कोशिकाएं होती हैं जो मेलेनिन नामक एक रसायन बनाती हैं जो आपके बालों को काला रंग देता है। जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, ये कोशिकाएं मरने लगती हैं। मेलेनिन की कमी के कारण नए बालों की समस्याएं शुरू हो जाती हैं, विशेषकर बाल ग्रे या सफेद रंग के होने लग जाते हैं।
ध्यान रहे, एक बार जब कोई भी फॉलिकल मेलेनिन का उत्पादन बंद कर देता है तो इसके दोबारा शुरू होने की संभावना बहुत कम हो जाती है।
कम उम्र में होने वाली समस्या
उम्र के साथ बालों के सफेद होने की प्रक्रिया सामान्य है पर आखिर कम आयु में ही यह दिक्कत क्यों होने लगती है? इसके लिए विशेषज्ञ कई कारणों को जिम्मेदार पाते हैं जैसे- अधिक तनाव लेना या फिर कोई अंतर्निहित स्वास्थ्य समस्या।
शोध बताते हैं, यह काफी हद तक आपके जीन पर भी निर्भर करता है जो तय करते हैं कि बाल कब सफेद होंगे। अगर आपके माता-पिता में से किसी के भी 30 साल की उम्र में बाल सफेद हो गए थे, तो इस बात की आशंका है कि आपके भी बाल जल्दी सफेद हो सकते हैं।
इन कारणों के बारे में भी जानिए
आनुवांशिकता के साथ कुछ और कारक भी हो सकते हैं जो समय से पहले आपके बालों के रंग को गायब कर देते हैं।
- विटामिन बी 12 की कमी।
- न्यूरोफाइब्रोमैटोसिस- आनुवांशिकता में मिली बीमारियां जो नसों, हड्डियों और त्वचा को प्रभावित करती हैं।
- विटिलिगो की समस्या- इस स्थिति के कारण मेलानोसाइट्स (बालों के रोम के आधार पर कोशिकाएं जो रंग पैदा करती हैं) आपना रंग खो देती हैं।
- एलोपीसिया एसरिटी की समस्या बालों के झड़ने से संबंधित है, पर इसके कारण भी आपके बाल सफेद हो सकते हैं।
बालों को सफेद होने से कैसे रोकें?
डॉक्टर कहते हैं, समय से पहले बालों को सफेद होने से रोकने के लिए कुछ प्रयास किए जा सकते हैं, हालांकि आनुवांशिकता के जोखिम में इसे कम नहीं किया जा सकता।
- एंटीऑक्सीडेंट वाली चीजें अधिक खाएं। सब्जियों और फलों में बहुत सारे एंटीऑक्सिडेंट होते हैं जो बालों को सफ़ेद होने से रोकने में सहायक हैं।
- धूम्रपान न करें।
- आहार से पर्याप्त मात्रा में विटामिन्स लें। आपके बालों को स्वस्थ रखने के लिए विटामि बी-12 आवश्यक है।
- पर्याप्त खनिज प्राप्त करें- बालों के विकास और कोशिकाओं को स्वस्थ रखने में मिनरल्स की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।