कमर में दर्द की समस्या बहुत आम है। लंबे समय तक ऑफिस में बैठकर काम करते रहने, शारीरिक गतिविधियों में कमी ने इस समस्या को काफी बढ़ा दिया है।
सेहत की बात: कमर दर्द ने मुश्किल कर दी है जिंदगी? कहीं ये किडनी की बीमारी का लक्षण तो नहीं
Back Pain Causes: कमर दर्द अक्सर मांसपेशियों की समस्या के कारण होता है, लेकिन किडनी स्टोन या संक्रमण में भी पीठ और कमर के आसपास दर्द हो सकता है। पेशाब में जलन या खून, बार-बार पेशाब, बुखार, ठंड लगने जैसा दर्द किडनी की समस्या की तरफ इशारा हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, सामान्य कमर दर्द और किडनी की समस्या में अंतर करने के लिए सबसे पहले ये देखना जरूरी है कि दर्द किस तरह का है और क्या ये लगातार हो रहा है? दर्द के साथ क्या पेशाब में जलन या बुखार तो नहीं आ रहा?
पहले मांसपेशियों वाले कमर दर्द को समझिए
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, कमर दर्द का सबसे बड़ा कारण मांसपेशियों में खिंचाव, लंबे समय तक एक ही स्थिति में या गलत तरीके से बैठना, भारी वजन उठाना या शारीरिक गतिविधियों में कमी हो सकती है।
- किडनी की दिक्कतों के कारण होने वाले दर्द के लक्षण भी इसी तरह के होते हैं इसलिए दोनों में अंतर करना जरूरी है।
किडनी की समस्याओं के कारण कमर दर्द
कमर में दर्द कई बार किडनी की समस्याओं के कारण भी हो सकता है। किडनी स्टोन में ये समस्या ज्यादा देखी जाती है।
- पथरी जब मूत्र की नली में आगे बढ़ती है तो तेज दर्द हो सकता है। यह दर्द पीठ, बगल, पेट के निचले हिस्से या जांघ के जोड़ तक महसूस हो सकता है।
- इस तरह का दर्द कई बार आता-जाता रहता है।
- किडनी की दिक्कतों के कारण होने वाले कमर दर्द के साथ आपको पेशाब में भी दिक्कत हो सकती है।
- पेशाब करते समय दर्द, बार-बार पेशाब की इच्छा होना, पेशाब कम आना या पेशाब का बदबूदार होना किडनी की समस्याओं की ओर संकेत।
- कुछ लोगों को इसके साथ मतली और उल्टी भी हो सकती है।
कब हो जाएं अलर्ट?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अगर कमर या बगल में अचानक बहुत तेज दर्द हो और ये दर्द पेट या जांघ के जोड़ों तक जा रहा हो तो इसपर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
- अगर इसके साथ पेशाब में भी दिक्कत हो, पेशाब करते समय तेज दर्द हो या साथ में बुखार और ठंड लगे तो डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें
- किडनी की समस्या की पुष्टि सिर्फ लक्षणों से नहीं होती। डॉक्टर जरूरत के अनुसार जांच करते समस्या को पता करने की कोशिश करते हैं। इसलिए लगातार बने रहने वाले कमर के दर्द को अनदेखा नहीं करना चाहिए।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।