मोबाइल-लैपटॉप के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर तमाम अध्ययन अलर्ट करते रहे हैं। डिजिटल स्क्रीन्स से निकलने वाली नीली रोशनी आंखों से लेकर ब्रेन पर संपूर्ण स्वास्थ्य पर कई प्रकार से नकारात्मक असर डाल सकती है। लाइफस्टाइल में बढ़ती इस गड़बड़ी ने हमारी सेहत को कई प्रकार से नुकसान पहुंचाया है।
हेल्थ अलर्ट: रातभर मोबाइल चलाने की आदत दिमाग पर पड़ सकती है भारी, याददाश्त पर पड़ सकता है असर
पर्याप्त नींद न लेना मस्तिष्क की सेहत को प्रभावित कर सकता है। इसका याददाश्त, एकाग्रता, सीखने की क्षमता और मूड पर असर पड़ता है। बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए भी अच्छी नींद जरूरी है।
नींद की कमी का असर
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, नींद की कमी को अक्सर हम सभी शरीर के आराम से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन वास्तव में यह मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए भी बेहद जरूरी है। पर्याप्त नींद न मिलने से दिमाग की कार्यक्षमता, सीखने की क्षमता और भावनात्मक संतुलन प्रभावित हो सकता है।
- मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए अच्छी नींद सबसे जरूरी चीजों में से एक है।
- वयस्कों को सामान्यतौर पर रोजाना 7-9 घंटे की नींद लेनी चाहिए।
- पर्याप्त नींद न मिलने पर सुबह उठने के बाद भी थकान और सुस्ती महसूस हो सकती है।
याददाश्त और एकाग्रता पर असर
सोते समय मस्तिष्क दिनभर मिली जानकारियों को व्यवस्थित करता है और यादों को मजबूत बनाता है। नींद पूरी न होने पर इस प्रक्रिया में बाधा आती है। इससे नई चीजें सीखने, ध्यान लगाने और निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। बच्चों और छात्रों में इसका असर पढ़ाई और प्रदर्शन पर भी दिखाई दे सकता है।
- नींद और मानसिक स्वास्थ्य का गहरा संबंध है। लगातार नींद की कमी से मूड नियंत्रित करने वाली मस्तिष्क की प्रक्रियाएं प्रभावित हो सकती हैं।
- ऐसे में आपको चिड़चिड़ापन, बेचैनी, तनाव और उदासी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- लंबे समय तक नींद की परेशानी रहने पर अवसाद का जोखिम भी बढ़ सकता है।
बच्चों के ब्रेन डेवलपमेंट के लिए जरूरी
बचपन में मस्तिष्क तेजी से विकसित होता है। इस दौरान पर्याप्त नींद याददाश्त, सीखने और भावनाओं को नियंत्रित करने की क्षमता के लिए जरूरी है। नींद की कमी से बच्चों में ध्यान लगाने और व्यवहार से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
चूंकि सभी उम्र के लोगों के लिए रोजाना अच्छी नींद जरूरी है इसलिए नींद में सुधार पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। रोजाना सोने और जागने का समय तय करें। सोने से कम से कम एक घंटा पहले मोबाइल और लैपटॉप से दूरी बनाएं। रात में कैफीन लेने से बचें और सोने के कमरे को शांत व आरामदायक रखें। लगातार नींद न आने या दिनभर अत्यधिक थकान रहने पर डॉक्टर से सलाह लें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
