आप अपने दिन की शुरुआत कैसे करते हैं? यह सवाल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अध्ययनों से पता चलता है कि दिन की शुरुआत के समय पौष्टिक आहार का सेवन करना बहुत आवश्यक माना जाता है। पोषक तत्वों के बेहतर अवशोषण को सुनिश्चित करने के लिए खाली पेट कई चीजों का सेवन करना विशेष लाभदायक हो सकता है। इसके अलावा अध्ययनों से पता चलता है कि सुबह पर्याप्त मात्रा में पानी जरूर पीना चाहिए। रात के करीब 8-10 घंटे में शरीर में पानी की कमी हो जाती है, ऐसे में सुबह के समय भरपेट पानी पीना चाहिए।
आज का हेल्थ टिप्स: सुबह खाली पेट कीजिए इन तीन चीजों का सेवन, शारीरिक-मानसिक दोनों स्वास्थ्य में मिलेगा लाभ
भीगे हुए बादाम खाएं
अध्ययनों से पता चलता है कि रोजाना खाली पेट भीगे हुए बादाम खाना सेहत के लिए विशेष रूप से लाभदायक हो सकता है। बादाम को मैंगनीज, विटामिन-ई, प्रोटीन, फाइबर, ओमेगा-3 और ओमेगा -6 फैटी एसिड का समृद्ध स्रोत माना जाता है। इसके लिए बादाम को रात भर भिगोकर रखें और फिर सुबह इनका सेवन करें। बादाम शरीर के लिए पर्याप्त पोषण दे सकता है। दिमाग को तेज बनाने के लिए बादाम खाना सबसे फायदेमंद माना जाता रहा है।
गर्म पानी और शहद
सुबह खाली पेट गर्म पानी में शहद डालकर पीने से सेहत को विशेष लाभ हो सकता है। शहद तमाम प्रकार के खनिजों, विटामिन्स, फ्लेवोनोइड्स और एंजाइमों से भरपूर होता है जो आपके आंत को साफ रखने और शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में लाभकारी है। खाली पेट पानी के साथ शहद के सेवन से शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलती है और यह आपके मेटाबॉलिज्म को भी बढ़ावा देने में सहायक है। सुबह उठकर गर्म पानी और शहद का सेवन करना विशेष लाभदायक माना जाता है। पेट को भी स्वस्थ रखने में इसके फायदों के बारे में पता चलता है।
किशमिश खाना है सेहत के लिए फायदेमंद
खाली पेट ड्राई फ्रूट्स का सेवन करना भी सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। इसमें भी किशमिश खाना आपकी सेहत के लिए विशेष लाभदायक माना जाता है। किशमिश में पोटैशियम, कैल्शियम और आयरन की उच्च मात्रा होती है। बादाम की तरह, किशमिश को भी रात भर पानी में भिगो दें, ऐसा करने से इससे पोषक तत्वों का अवशोषण बढ़ जाता है। चूंकि किशमिश प्राकृतिक शर्करा से भरे होते हैं, इसलिए सुबह इनका सेवन आपकी ऊर्जा को बढ़ाने में सहायक है। किशमिश आपके शरीर पर हानिकारक प्रभाव डालने वाले एसिड को भी बेअसर कर सकती है। अध्ययनों में किशमिश खाने के तमाम तरह के स्वास्थ्य लाभ का जिक्र मिलता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।