अच्छी सेहत चाहते हैं तो इसके लिए खान-पान में सुधार करना सबसे आवश्यक हो जाता है। जब बात महिलाओं के सेहत की हो तो खान-पान पर ध्यान देना और भी जरूरी हो जाता है। महिलाओं में मासिक धर्म चक्र आदि के कारण आयरन की कमी और एनिमिया का खतरा अधिक रहता है। इसके अलावा हार्मोनल परिवर्तन के कारण हड्डियों, डायबिटीज और हृदय स्वास्थ्य की समस्याएं भी अधिक देखी जाती हैं।
Health Tips: गर्भवती महिलाएं ध्यान दें, रोजाना इस चीज के सेवन से मां-बच्चे दोनों को मिलेंगे कई फायदे
केसर वाले दूध का करें सेवन
कई अध्ययन इस बात को प्रमाणित करते हैं कि दूध में केसर मिलाकर इसका सेवन करने से आपको दोगुना स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। इसके एंटीऑक्सीडेंट गुणों के कारण रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने, शांतिदायक प्रभाव के कारण नींद की गुणवत्ता में सुधार करने, त्वचा की सेहत को ठीक रखने में मदद मिलती है।
शोध इस बात की तरफ भी ध्यान आकृष्ट करते हैं कि गर्भावस्था के दौरान केसर वाला दूध पीने से शिशु की रंगत और सेहत में सुधार होता है।
केसर वाले दूध के कई सारे फायदे
कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करके हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देना, पाचन को ठीक रखने, मूड में सुधार करने और केसर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट के कारण कई प्रकार की क्रॉनिक बीमारियों से बचाव के लिए भी केसर वाला दूध फायदेमंद हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, केसर वाला दूध गर्भवती महिलाओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद करता है। ठंड में केसर वाला दूध पीने से और भी कई लाभ मिल सकते हैं। इस दूध में कैल्शियम, आयरन, विटामिन सी, फॉस्फोरस, विटामिन बी6, थायमिन, फोलेट, मैग्नीशियम और कॉपर जैसे पोषक तत्वों की भरपूर मात्रा होती है, जिसकी गर्भावस्था के दौरान शरीर को विशेष आवश्यकता होती है।
क्या है विशेषज्ञों की सलाह?
वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. नवीन चंद्र जोशी बताते हैं, गर्भावस्था में केसर वाले दूध के सेवन से पेट की समस्याओं में आराम मिलता है और गर्भवस्थ शिशु के विकास में भी मदद मिलती है। इसमें पाए जाने वाले तत्व तनाव को दूर करके मन को शांत रखते हैं और अच्छी नींद लाने में मदद करते हैं। गर्भवती की अच्छी सेहत के लिए अच्छी नींद लेना बहुत जरूरी माना जाता है।
केसर वाले दूध में मौजूद एंटीऑक्सूडेंट्स दिल की धमनियों को मजबूत बनाते हैं और कोलेस्ट्रॉल, रक्त संचार को ठीक बनाए रखते हैं, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का जोखिम कम होता है। केसर में एंटीइंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो त्वचा की जलन और सूजन को कम करते हैं।
इन बातों का भी रखें ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, दूध में केसर मिलाकर पीना आपकी सेहत के लिए वैसे तो बहुत फायदेमंद है, हालांकि इसके अधिक सेवन से उल्टी, मतली, भूख की कमी, सिर दर्द, माइग्रेन, अनिद्रा जैसी समस्याएं हो सकती हैं। यही कारण है कि गर्भावस्था के दौरान किसी भी चीज के सेवन से पहले चिकित्सक की सलाह जरूर ले लें।
केसर वाला दूध बनाने के लिए एक गिलास गरम दूध में 2-4 केसर के रेशे डालें और उसे अच्छी तरह मिलाएं। इसमें शहद या चीनी भी मिला सकते हैं। इसका सेवन सोने से पहले कर सकते हैं।
----------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।