गर्मियों के इस मौसम में बाजार में कई ऐसे फल मौजूद होते हैं जो प्राकृतिक रूप से पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर माने जाते हैं। सिर्फ इन्हीं का सेवन करके भी आप आसानी से शरीर को हाइड्रेट रख सकते हैं। इस मौसम में मिलने वाला तरबूज भी सेहत के लिए कई प्रकार से लाभकारी माना जाता है। यह न सिर्फ शरीर को डिहाइड्रेट होने से बचाता है साथ ही तरबूज में मौजूद तमाम पोषक तत्व, हृदय और आंखों को स्वस्थ रखने में भी फायदेमंद माने जाते हैं। तरबूज के सेवन के कई प्रकार के लाभ हो सकते हैं।
Summer Tips: यह एक फल आपको हाइड्रेट रखने के साथ हृदय-आंखों के लिए भी फायदेमंद, जरूर करें सेवन
तरबूज में पानी की होती है अधिकता
गर्मी के दिनों में शरीर में पानी की कमी होना एक आम समस्या है जिससे डिहाइड्रेशन हो सकता है, इसके कई प्रकार के दुष्प्रभाव हैं। आप तरबूज का सेवन कर इस समस्या के जोखिम को कम कर सकते हैं। तरबूज में करीब 92 फीसदी पानी की मात्रा होती है, जिससे आप शरीर के लिए इसकी आवश्यकताओं को पूरा कर सकते हैं। गर्मियों में इस फल के सेवन से आपको और भी कई प्रकार के लाभ मिलते हैं।
इसके एंटीऑक्सीडेंट गुण बनाते हैं इसके खास
लाल रंग के इस फल में लाइकोपीन नामक एंटीऑक्सीडेंट होता है। अध्ययनों से पता चलता है कि लाइकोपीन, कैंसर और मधुमेह के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है। तरबूज में यह पोषक तत्व किसी भी अन्य फल या सब्जी, यहां तक कि टमाटर से भी अधिक होता है। एंटीऑक्सीडेंट्स की अधिकता कैंसर जैसे रोगों से भी शरीर को सुरक्षा देती है। आहार में एंटीऑक्सीडेंट्स को जरूर शामिल किया जाना चाहिए।
हृदय की सेहत के लिए तरबूज फायदेमंद
तरबूज सिट्रूलाइन नामक अमीनो एसिड से भरपूर होता है जो रक्तचाप को कम करने के लिए जाना जाता है। अध्ययनों से पता चलता है कि तरबूज के सेवन से ब्लड प्रेशर और हृदय रोगों का जोखिम कम हो सकता है। तरबूज में मौजूद सिट्रूलाइन, नाइट्रक ऑक्साइड के स्तर को बढ़ाता है। नाइट्रिक ऑक्साइड आपकी रक्त वाहिकाओं को सिकुड़ने से बचाती है जिससे हृदय तक खून का संचार बेहतर तरीके से होता रहता है।
आंखों की लंबे समय तक बनी रहती है अच्छी रोशनी
आंखों को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो भी आपके लिए तरबूज का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है। तरबूज का सिर्फ एक छोटा सा भाग भी आपके हर दिन के लिए आवश्यक विटामिन ए की 9-11 फीसदी तक की पूर्ति कर सकता है। यह पोषक तत्व आपकी आंखों को स्वस्थ रखने के लिए सबसे आवश्यक है।
विटामिन-ए के साथ इसमें पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट आंखों में कोशिकाओं की क्षति को कम करके रोशनी को बेहतर रखने में मदद करते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।